बाबा महाकाल की राजसी सवारी से पहले कंठाल-छत्रीचौक मार्ग तैयार, 90% काम पूरा, चौराहे का होगा सौंदर्यीकरण

Mahakal Rajsi Sawari : उज्जैन में बाबा महाकाल की राजसी सवारी से पहले कंठाल चौराहा से छत्रीचौक तक 450 मीटर मार्ग का चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण अंतिम चरण में है। सड़क 15 मीटर चौड़ी की गई है।
Kanthal Chauraha Development
कंठाल चौराहा से छत्रीचौक तक मार्ग फोटो सोर्स: नवभारत
Published on
Updated on

Ujjain Mahakal Rajsi Sawari Route Development : बाबा महाकाल की राजसी सवारी से पहले कंठाल चौराहा से छत्रीचौक तक मार्ग चौड़ीकरण और विकास कार्य को अंतिम रूप दिया जा रहा है। नगर निगम द्वारा करीब 450 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया गया है। निगम के अनुसार अब तक 90 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। सड़क निर्माण का काम पूरा हो गया है, जबकि कंठाल चौराहा और सती गेट के सौंदर्यीकरण के शेष कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।

शहर के सबसे व्यस्त और पुराने व्यावसायिक क्षेत्रों में शामिल कंठाल से छत्रीचौक मार्ग के चौड़ीकरण के दौरान व्यापारिक गतिविधियों और यातायात को प्रभावित किए बिना काम करना नगर निगम के लिए बड़ी चुनौती रहा। निगम की टीम ने चरणबद्ध तरीके से कार्य किया, वहीं व्यापारियों और नागरिकों ने भी सहयोग दिया। निगम के मुताबिक इसी सकारात्मक सहभागिता के कारण निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जा सका। काम पूरा होने को लेकर क्षेत्र के व्यापारियों और नागरिकों में खुशी का माहौल है।

कंठाल चौराहा और सती गेट को मिलेगा नया हेरिटेज लुक

कंठाल चौराहे के सौंदर्यीकरण के तहत पेपर ब्लॉक लगाए जाएंगे। यहां अंडरग्राउंड लाइटिंग की व्यवस्था भी विकसित की गई है, जिससे बिजली के तारों के जाल से चौराहे को राहत मिलेगी। वहीं ऐतिहासिक सती गेट को हेरिटेज स्वरूप दिया जा रहा है। करीब 50 मीटर क्षेत्र में कोबल स्टोन लगाए जाएंगे। गेट के पुराने पेंट को हटाकर ऐतिहासिक एरण पत्थरों को उनके मूल स्वरूप में प्रदर्शित किया जाएगा और उनकी सुरक्षा के लिए ट्रांसपेरेंट वाटर रिपेलेंट कोटिंग की जाएगी।

सड़क के साथ नाली, पेयजल और बिजली व्यवस्था भी सुधरी

मार्ग चौड़ीकरण के साथ नगर निगम ने क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को भी बेहतर किया है। नवीन नाली निर्माण, विद्युत पोल शिफ्टिंग, अंडरग्राउंड लाइटिंग और नई पेयजल सप्लाई लाइन बिछाने का काम किया गया है। नई पेयजल लाइन से घरों में पर्याप्त दबाव के साथ पानी उपलब्ध कराने का प्रयास है। वहीं बड़ी नाली बनने से बारिश के दौरान जलभराव की समस्या कम होने की उम्मीद है। 15 मीटर चौड़े मार्ग से यातायात और श्रद्धालुओं के आवागमन में भी सुविधा होगी।

Kanthal Chauraha Development
सागर: 54.37 लाख की बरामदगी से ब्लैकमेलिंग का खुलासा, नाबालिग को धमकाकर मजदूर ने हड़पे लाखों रुपये और जेवर

राजसी सवारी से पहले सौंदर्यीकरण पूरा करने में जुटी निगम टीम

बाबा महाकाल की राजसी सवारी के मार्ग को आकर्षक और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम की टीम दिन-रात काम कर रही है। निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा की मॉनिटरिंग में कंठाल चौराहा और सती गेट के शेष सौंदर्यीकरण कार्य जल्द पूरा करने का लक्ष्य है। अधिकारियों के अनुसार मार्ग चौड़ीकरण से यातायात सुगम होने के साथ क्षेत्र के व्यापारियों को भी दीर्घकालीन लाभ मिलेगा। यह परियोजना सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com