उज्जैन: महाकाल लोक के नेमा कुल्फी सेंटर में चूहों का राज! लाइसेंस निलंबित, गंदगी देखकर चौंके अधिकारी

Ujjain Food Safety Inspection: महाकाल लोक के फूड जोन में श्रद्धालुओं की सेहत से खिलवाड़, नेमा कुल्फी सेंटर के स्टोरेज एरिया में घूमते मिले चूहे, खाद्य सुरक्षा विभाग ने लाइसेंस किया निलंबित।
Ujjain food safety officials suspend kulfi center license
नेमा कुल्फी सेंटर के स्टोरेज एरिया में घूमते मिले चूहे(सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Rats Found At Mahakal Lok Nema Kulfi Center Outlet: सावन के पवित्र महीने में उज्जैन स्थित बाबा महाकाल के दर्शन के लिए रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसी बीच महाकाल लोक के फूड जोन से श्रद्धालुओं की सेहत को लेकर चिंताजनक मामला सामने आया है।

जिला प्रशासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने फूड जोन में अचानक निरीक्षण और जांच की। इस दौरान नेमा कुल्फी सेंटर के स्टोरेज एरिया में खाद्य पदार्थों की सुरक्षा और साफ-सफाई को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई।

स्टोरेज एरिया में गंदगी के बीच घूमते मिले चूहे

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जब नेमा कुल्फी सेंटर के स्टोरेज एरिया में पहुंची तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। निरीक्षण के दौरान भारी गंदगी के साथ बड़ी संख्या में चूहे घूमते पाए गए। आरोप है कि चूहे खुले में रखे खाद्य पदार्थों तक पहुंच रहे थे, जिससे उनके दूषित होने का खतरा बना हुआ था। ऐसे वातावरण में खाद्य सामग्री का भंडारण किए जाने पर श्रद्धालुओं की सेहत को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

फालूदा और कुल्फी के सैंपल लिए, लाइसेंस निलंबित

मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने प्रतिष्ठान से फालूदा और कुल्फी के सैंपल जब्त किए हैं। इन सैंपल को जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। वहीं निरीक्षण में मिली गंभीर अनियमितताओं के बाद विभाग ने नेमा कुल्फी सेंटर का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। कार्रवाई के बाद संबंधित प्रतिष्ठान पर खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर आगे भी निगरानी रखी जाएगी।

Ujjain food safety officials suspend kulfi center license
मध्य प्रदेश के धार में जल संकट दूर करेगा ब्रिजस्टोन; 'प्रवाह' प्रोजेक्ट से रीचार्ज होगा 1.5 लाख टन भूजल

कार्रवाई से मचा हड़कंप, कई दुकानदार शटर गिराकर भागे

खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई की खबर पूरे फूड जोन में फैलते ही हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि कार्रवाई से घबराए कुछ अन्य दुकानदार अपनी दुकानों के शटर गिराकर मौके से चले गए। इस घटनाक्रम ने फूड जोन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। खाद्य अधिकारी बसंत दत्त शर्मा ने कहा कि श्रद्धालुओं की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अब फूड जोन में संचालित अन्य दुकानों की भी जांच की मांग उठ रही है, ताकि बाबा महाकाल के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री मिल सके।

Navbharat Live
navbharatlive.com