उज्जैन में हॉर्न बजाने पर चाकूबाजी में युवक की मौत, हिरासत में 4 आरोपी, पुलिस ने निकाला जुलूस

Ujjain Police Action : उज्जैन के माधवनगर में हॉर्न बजाकर रास्ता मांगने को लेकर विवाद में युवक की मौत हो गई। पुलिस ने चंद घंटों में चार आरोपियों को हिरासत में लिया।
Police Take Four Accused to Crime Scene
पुलिस ने आरोपियों का निकाला जुलूस फोटो सोर्स: नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Ujjain Knife Attack Case : उज्जैन के माधवनगर थाना क्षेत्र में हॉर्न बजाकर रास्ता मांगने को लेकर हुए विवाद में युवक की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। दमदमा मोड़ के पास जिला पंचायत कार्यालय के नजदीक हुई चाकूबाजी और मारपीट की घटना के बाद पुलिस ने चंद घंटों के भीतर चार आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया। पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर जुलूस भी निकाला। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार अमित अपने साथियों के साथ कार से देवासगेट की ओर से दमदमा होते हुए लक्ष्मीनगर जा रहा था। जिला पंचायत कार्यालय के पास रास्ता देने और हॉर्न बजाने की बात को लेकर कार सवारों का मोटरसाइकिल सवार युवकों से विवाद हो गया। शुरुआत में मामूली कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट की स्थिति बन गई।

कार पर पथराव, चाकू से हमला

विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने कार पर पत्थर फेंके, जिससे कार के कांच क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद चाकू और पत्थर से हमला कर दिया गया। हमले में यश मित्तल सहित अन्य लोग घायल हुए। यश मित्तल गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी माधवनगर निरीक्षक गजेंद्र पचोरिया ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए विजय पिता नारायण सिंह ठाकुर, करण पिता राजेश गाठिया, विशाल पिता नारायण सिंह ठाकुर और सागर पिता रतनसिंह तनोरिया को पुलिस अभिरक्षा में लिया। पुलिस इनसे घटना को लेकर पूछताछ कर रही है।

Police Take Four Accused to Crime Scene
आजाद समाज पार्टी की हुंकार: छात्र संघ चुनाव कराने की मांग, 15 सितंबर तक आंबेडकर प्रतिमा नहीं लगी तो आंदोलन

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

उज्जैन पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर घटनाक्रम से जुड़े स्थानों की जानकारी ली और जुलूस निकाला। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। साथ ही प्रत्येक आरोपी की भूमिका की जांच की जा रही है। घटना को लेकर पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com