MP News: उज्जैन में ममता का फायदा उठाकर की ठगी, बेटों पर मौत का साया बताकर लाखों के गहने लेकर फरार हुए आरोपी

Ujjain Fraud Case: उज्जैन के प्रियदर्शिनी चौराहे पर बुजुर्ग महिला से लाखों की ठगी, "बेटों पर मौत का साया है" कहकर बदमाशों ने उतरवाए गहने, माधव नगर थाने में केस दर्ज।
ujjain-madhav-nagar-cheating-case-steals-jewellery-and-gold-rings
उज्जैन में बुजुर्ग महिला से लाखों की ठगी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Ujjain Madhav Nagar Cheating Case: उज्जैन में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शातिर बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला की धार्मिक आस्था और मातृत्व की भावनाओं का फायदा उठाकर लाखों रुपए के सोने के आभूषण ठग लिए। बदमाशों ने महिला को यह कहकर डराया कि उनके गहनों के कारण बेटों पर मौत का साया मंडरा रहा है और बड़ा अनिष्ट हो सकता है। बेटों की चिंता में महिला ठगों के झांसे में आ गई और अपने गहने उन्हें सौंप दिए।

जानकारी के अनुसार फ्रीगंज स्थित धनवंतरी मार्ग निवासी 71 वर्षीय मनोरमा जैन बुधवार सुबह देवास रोड स्थित मूथा निवास से संत शीतलमुनि के दर्शन और प्रवचन सुनकर पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान प्रियदर्शिनी चौराहे के पास जींस-शर्ट पहने दो युवकों ने उन्हें रोककर पहले एक डॉक्टर का पता पूछा और फिर बातचीत के दौरान उन्हें अपने जाल में फंसाना शुरू कर दिया।

सोने की चेन और अंगूठियां उतरवाकर करवाया मंत्र जाप

युवकों ने महिला से कहा कि उनके गले की सोने की चेन और उंगलियों की अंगूठियों के कारण उनके बेटों पर गंभीर संकट और मौत का साया है। ठगों ने इस कथित संकट से बचने का उपाय बताते हुए महिला से गहने उतरवाए और 51 बार मंत्र जाप करने को कहा।

सोने की रकम लेकर आरोपी युवक फरार

बेटों की सुरक्षा की चिंता में मनोरमा जैन ने अपनी सोने की चेन और अंगूठियां उतारकर युवकों को दे दीं और आंखें बंद कर मंत्र जाप करने लगीं। जब उन्होंने जाप पूरा कर आंखें खोलीं तो दोनों युवक मौके से फरार हो चुके थे। तब उन्हें एहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो गई हैं।

पुलिस ने बीएनएस की इस धारा के तहत दर्ज किया मामला

घटना के बाद महिला ने घर पहुंचकर अपने पुत्र कपिल जैन को पूरी जानकारी दी। इसके बाद दोनों माधवनगर थाने पहुंचे और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी गजेंद्र पचोरिया के अनुसार घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं जिससे आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com