Nagda: स्कूल में प्राचार्य पर छात्रों को मुर्गा बनाकर पीटने का आरोप, वीडियो सामने आने के बाद थाने पहुंचा मामला

Nagda Student Beaten : नागदा के भारत कॉमर्स स्कूल के प्राचार्य पर छात्रों को मुर्गा बनाकर पीटने का आरोप लगा है। वीडियो सामने आने के बाद छात्र के पिता ने थाने में शिकायत की।
Nagda school principal accused of beating ninth class students
प्राचार्य का छात्रों को मुर्गा बनाने वाला वीडियोफोटो सोर्स - नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Highlights :

  • नागदा के भारत कॉमर्स स्कूल के प्राचार्य पर छात्रों की पिटाई का आरोप।

  • वीडियो सामने आने के बाद छात्र के पिता ने बिरलाग्राम थाने में शिकायत की।

  • होमवर्क की कॉपी नहीं लाने पर नौवीं के छात्र को मुर्गा बनाने और पीटने का आरोप।

Nagda School Principal Beating Students : उज्जैन जिले के नागदा स्थित भारत कॉमर्स स्कूल का एक वीडियो सामने आया है जिसमें प्राचार्य कुंज बिहारी गुप्ता छात्रों को मुर्गा बनाकर लात मारते दिखाई दे रहे हैं। मामले में नौवीं कक्षा के एक छात्र के पिता दिनेश सिसौदिया ने 13 नवंबर को बिरलाग्राम थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं स्कूल प्रबंधन समिति ने भी मामले की जांच और चार्जशीट के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

होमवर्क की कॉपी नहीं लाने पर पिटाई का आरोप

छात्र के पिता दिनेश सिसौदिया के मुताबिक उनका बेटा भारत कॉमर्स स्कूल में नौवीं B में पढ़ता है। गुरुवार सुबह वो होमवर्क की कॉपी स्कूल ले जाना भूल गया था। आरोप है कि इसी बात पर प्राचार्य ने उसे मुर्गा बनाया उछल कूद कराई और लात मारी। पिता ने कांटेदार डंडे से पिटाई किए जाने का आरोप भी लगाया है। दिनेश सिसौदिया ने बताया कि बुधवार रात को भी प्राचार्य ने उनके बेटे और पड़ोस में रहने वाले इसी स्कूल के एक अन्य छात्र की पिटाई की थी। उस दौरान प्राचार्य दीपावली त्योहार पर मिलने उनके पड़ोसी सतीश वर्मा के घर पहुंचे थे। वहां उन्होंने बच्चों को पढ़ाई में कमजोर बताते हुए उनकी कॉपियां मंगवाईं और कथित तौर पर दोनों बच्चों की पिटाई की।

टीसी निकलवाने की बात कही, पिता से बदसलूकी का आरोप

उज्जैन जिले में स्थित नागदा क्षेत्र में हुई घटना पर छात्र के पिता ने बताया कि शुक्रवार को वे शिकायत लेकर स्कूल पहुंचे तो प्राचार्य ने कथित तौर पर कहा कि वे ऐसे ही हैं और ऐसा ही करेंगे। अगर अच्छा नहीं लगता तो बच्चे की टीसी निकलवा लें। पिता ने प्राचार्य पर उनके साथ बदसलूकी करने का आरोप भी लगाया है।

प्राचार्य बोले- मुझे स्कूल से हटाने की साजिश

प्राचार्य कुंज बिहारी गुप्ता ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उन्होंने बच्चों को लात से मारा नहीं बल्कि ऊंचा किया था। उन्होंने बताया कि बच्चों के पढ़ाई नहीं करने की जानकारी उनके अभिभावकों को भी दी गई थी। प्राचार्य ने पूरे घटनाक्रम को प्रायोजित बताते हुए आरोप लगाया कि उन्हें स्कूल में नहीं रहने देने के लिए ऐसा किया जा रहा है।

पुलिस और स्कूल प्रबंधन ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही

बिरलाग्राम थाना प्रभारी जितेंद्र पाटीदार ने कहा कि शिकायत की जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होगी। वहीं स्कूल प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष सुल्तान सिंह शेखावत ने भी कहा है कि चार्जशीट के आधार पर प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Nagda school principal accused of beating ninth class students
मध्यप्रदेश में भूकंप के झटके: खरगोन में 4.5 तीव्रता का भूकंप, खंडवा और आसपास के इलाकों में भी महसूस हुए कंपन

नवोदय स्कूल से रिटायर, जुलाई 2025 से भारत कॉमर्स स्कूल में पदस्थ

जानकारी के अनुसार प्राचार्य कुंज बिहारी गुप्ता वर्ष 2022 में नवोदय स्कूल से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद जुलाई 2025 से वे भारत कॉमर्स स्कूल में पदस्थ हैं। बताया गया है कि उनके कार्यकाल में दूसरी बार विद्यार्थियों के साथ अमानवीय व्यवहार के आरोप सामने आए हैं। इससे पहले जनवरी में बाल नहीं कटवाने पर बच्चों के बाल काटने का मामला सामने आया था। उस समय स्कूल प्रबंधन समिति की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने के आरोप लगे थे। अब एक बार फिर शिकायत सामने आने के बाद समिति की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।