मध्यप्रदेश के माखन और लकी का पैरा क्रिकेट लीग में चयन, राजस्थान स्ट्राइक और हैदराबाद टीम से खेलेंगे

Makhan Singh And Lucky Karadiya News : उज्जैन के माखन सिंह राजपूत और नागदा के लकी कराडिया का पैरा क्रिकेट लीग के लिए चयन हुआ है। माखन राजस्थान स्ट्राइक और लकी हैदराबाद टीम से खेलेंगे।
MP para cricketers Makhan Singh Rajput and Lucky Karadiya
माखन और लकी का चयनफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

MP Para Cricket League : मध्यप्रदेश के दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है। उज्जैन के माखन सिंह राजपूत और नागदा के लकी कराडिया का चयन आईपीएल की तर्ज पर आयोजित होने वाली पैरा क्रिकेट लीग के लिए हुआ है।

माखन सिंह राजस्थान स्ट्राइक टीम में ऑलराउंडर की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि लकी कराडिया हैदराबाद टीम का हिस्सा होंगे। 6 से 11 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली इस लीग में देश के अलग-अलग राज्यों के चयनित खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इसके अलावा श्रीलंका, यूएई और नेपाल के खिलाड़ी भी प्रतियोगिता में शामिल होंगे।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके हैं माखन

उज्जैन जिले के माखन सिंह राजपूत ने वर्ष 2019 में डिविजन टीम से क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी। शुरुआती स्तर पर अच्छे प्रदर्शन के बाद उन्हें स्टेट टीम में जगह मिली। लगातार बेहतर प्रदर्शन के चलते वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे। वर्ष 2021 में उन्होंने दुबई के शारजाह में आयोजित दिव्यांग प्रीमियर लीग में हिस्सा लिया। इसके बाद वर्ष 2022 में नेपाल के खिलाफ काठमांडू में होने वाली भारतीय टीम में ऑलराउंडर के तौर पर उनका चयन हुआ। वह 2023-24 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं।

मध्यप्रदेश दिव्यांग क्रिकेट टीम की संभाल चुके हैं कमान

माखन सिंह लगातार बेहतर प्रदर्शन के चलते मध्यप्रदेश दिव्यांग क्रिकेट टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में दिव्यांग क्रिकेट का दायरा लगातार बढ़ रहा है। उनके अनुसार मध्यप्रदेश में 350 से ज्यादा दिव्यांग खिलाड़ी क्रिकेट से जुड़े हैं और 10 संभागों में क्रिकेट गतिविधियां पूरी हो चुकी हैं। हाल ही में मध्यप्रदेश की दिव्यांग क्रिकेट टीम ने फरवरी में आयोजित ट्रायंगुलर सीरीज में जीत हासिल की है।

छोटे गांव से क्रिकेट का सफर शुरू करने वाले लकी

नागदा के एक छोटे गांव से आने वाले लकी कराडिया ने टेनिस क्रिकेट से अपने खेल की शुरुआत की थी। स्थानीय स्तर पर खेलते हुए उनकी प्रतिभा सामने आई। लकी के मुताबिक उनके दोस्त अजय मिश्रा ने उन्हें ट्रॉफी प्रतियोगिताओं में खेलने का मौका दिलाया। इसके बाद उन्होंने लगातार क्रिकेट खेलना जारी रखा और धीरे-धीरे आगे बढ़ते गए। अब उनका चयन पैरा क्रिकेट लीग में हैदराबाद टीम के लिए हुआ है।

नागदा और मध्यप्रदेश का नाम रोशन करने का सपना

लकी कराडिया के लिए यह चयन खास है, क्योंकि छोटे गांव से निकलकर बड़े क्रिकेट मंच तक पहुंचना उनके लंबे संघर्ष और मेहनत का परिणाम है। लकी का कहना है कि उनका सपना बड़े मंच पर खेलना और नागदा का नाम रोशन करना है। वहीं माखन सिंह भी राजस्थान स्ट्राइक के लिए ऑलराउंड प्रदर्शन कर मध्यप्रदेश को नई पहचान दिलाना चाहते हैं। दोनों खिलाड़ियों के चयन से उज्जैन, नागदा और मध्यप्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है।

MP para cricketers Makhan Singh Rajput and Lucky Karadiya
बागेश्वर धाम की महिला सुरक्षा अपील पर साध्वी हर्षानंद के सवाल, वरिष्ठ पत्रकार बोले- जिम्मेदारी से ना भागें

दोनों खिलाड़ियों के चयन से बढ़ा उत्साह

माखन सिंह और लकी कराडिया अब अपनी-अपनी टीमों के लिए मैदान में उतरेंगे। माखन राजस्थान स्ट्राइक के लिए ऑलराउंडर के तौर पर खेलेंगे, जबकि लकी हैदराबाद टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। दोनों खिलाड़ियों का कहना है कि यह सिर्फ उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि उन दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद क्रिकेट में आगे बढ़ने का सपना देखते हैं। पैरा क्रिकेट लीग में उनका चयन उज्जैन, नागदा और पूरे मध्यप्रदेश के लिए गौरव का अवसर है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com