BJP कोर कमेटी की बैठक कल, एक्शन मोड में बीजेपी के नए संगठन महामंत्री चंद्रशेखर; कल भोपाल में लेंगे बड़ी बैठक

Chandrashekhar First Visit Ujjain: मध्य प्रदेश बीजेपी के नए संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी एक्शन मोड में, पदभार संभालते ही बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेकर की दौरों की शुरुआत।
new MP BJP Sangathan Mahamantri Chandrashekhar visits Ujjain
भाजपा के नए संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

MP BJP Sangathan Mahamantri Chandrashekhar Ujjain Visit: भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर (चंद्रशेखर तिवारी) ने पदभार संभालने के बाद अपने सांगठनिक दौरों की शुरुआत कर दी है।

इसी क्रम में वे सबसे पहले बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान महाकाल के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया।

महाकाल दरबार में टेका मत्था

संगठन महामंत्री बनने के बाद चंद्रशेखर तिवारी का यह पहला धार्मिक और औपचारिक दौरा रहा। उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर उन्होंने विधिवत पूजन-अर्चन किया और प्रदेश की समृद्धि व संगठन की मजबूती की कामना की। दर्शन के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया

कौन हैं नए संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी?

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पूर्णकालिक प्रचारक चंद्रशेखर तिवारी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के निवासी हैं। संगठन शिल्प में कुशल माने जाने वाले चंद्रशेखर का राजनीतिक व सांगठनिक सफर बेहद प्रभावी रहा है:

  • 2014 लोकसभा चुनाव में अहम भूमिका: वे संघ में विभाग प्रचारक और काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री रह चुके हैं। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी चुनावी अभियान के दौरान उन्होंने काशी क्षेत्र में संगठन प्रबंधन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई थी।

  • राजस्थान में 6 साल का कार्यकाल: सितंबर 2017 से लगभग 6 वर्षों तक उन्होंने राजस्थान भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री का दायित्व कुशलता से संभाला।

इसके बाद जनवरी 2024 से 2026 तक उन्होंने तेलंगाना भाजपा के संगठन महामंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दीं। राजस्थान और तेलंगाना के बाद अब केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें मध्य प्रदेश भाजपा के संगठन को कसने और सरकार व संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।

new MP BJP Sangathan Mahamantri Chandrashekhar visits Ujjain
उज्जैन शाही मस्जिद विवाद में AI साजिश का खुलासा; फर्जी तस्वीरों और अफवाहों से भड़काई गई थी भीड़

कल पहली बार आएंगे राजधानी भोपाल

महाकाल का आशीर्वाद लेने के बाद संगठन महामंत्री कल पहली बार राजधानी भोपाल पहुंचेंगे।भोपाल पहुंचते ही नए संगठन महामंत्री सीधे एक्शन मोड में नजर आएंगे। वे कल आयोजित होने वाली भाजपा की उच्चस्तरीय कोर कमेटी की बैठक में शिरकत करेंगे। संगठन महामंत्री बनने के बाद कोर कमेटी के सदस्यों के साथ यह उनकी पहली औपचारिक बैठक होगी, जिसमें आगामी सांगठनिक रणनीतियों, कार्यक्रमों और पार्टी गतिविधियों को लेकर विस्तृत मंथन होगा।

प्रदेश प्रभारी विप्लव देव भी रहेंगे मौजूद

इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश भाजपा प्रभारी विप्लव कुमार देव भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। प्रदेश प्रभारी और नए संगठन महामंत्री की मौजूदगी में होने वाली इस बैठक को राजनीतिक व सांगठनिक दृष्टिकोण से बेहद अहम माना जा रहा है। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने के रोडमैप पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com