MP News: उज्जैन रेलवे स्टेशन पर CBN की बड़ी कार्रवाई, 1.067 किलो हेरोइन के साथ प्रतापगढ़ का तस्कर गिरफ्तार
CBN Seized Heroine In Ujjain: उज्जैन स्टेशन पर सीबीएन की बड़ी कार्रवाई, शिप्रा एक्सप्रेस के जनरल कोच से 1.067 किलो हेरोइन के साथ राजस्थान का तस्कर गिरफ्तार, हावड़ा जा रही थी खेप।
- Written By: सजल रघुवंशी
सीबीएन की उज्जैन में बड़ी कार्रवाई (सोर्स- सोशल मीडिया)
Central Bureau of Narcotics Ujjain Raid: नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) मध्य प्रदेश इकाई को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीबीएन की संयुक्त टीम ने उज्जैन रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए 1.067 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है। इस मामले में राजस्थान के प्रतापगढ़ निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई विशेष खुफिया सूचना के आधार पर की गई, जिसमें हेरोइन की एक बड़ी खेप को ट्रेन के जरिए पश्चिम बंगाल भेजे जाने की जानकारी मिली थी।
शिप्रा एक्सप्रेस के जनरल कोच से पकड़ा गया आरोपी
सीबीएन नीमच को सूचना मिली थी कि करीब एक किलो हेरोइन शिप्रा एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 22911) के माध्यम से पश्चिम बंगाल के हावड़ा भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही सीबीएन के नीमच, उज्जैन और इंदौर कार्यालयों के अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित की गई। रणनीति के तहत टीम को उज्जैन रेलवे स्टेशन पर तैनात किया गया। जांच के दौरान अधिकारियों ने शिप्रा एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रा कर रहे एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की। उसे पूछताछ और तलाशी के लिए प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित आरपीएफ कार्यालय ले जाया गया।
सम्बंधित ख़बरें
मध्य प्रदेश के लिए केंद्र का मेगा तोहफा, 4415 करोड़ रुपये की लागत से चमकेगा NH-347B; होगा चौतरफा लाभ
MP News: उज्जैन के चिरोला गांव में पसरा मातम, डबरी में डूबने से दो जिगरी दोस्तों की दर्दनाक मौत
महंगे किराए से मिलेगी मुक्ति, उज्जैन में श्रद्धालुओं के लिए शुरू हुई बस सेवा; इन 10 मंदिरों के कराएगी दर्शन
जबलपुर में कचरे के ढेर में मिली मानव खोपड़ी, इलाके में मची दहशत; तंत्र-मंत्र के लिए की जा रही थी इस्तेमाल?
बैग से मिले दो पैकेट, निकली 1.067 किलो हेरोइन
आरपीएफ कार्यालय में एनडीपीएस एक्ट, 1985 के प्रावधानों के तहत आरोपी की विधिवत तलाशी ली गई। जांच के दौरान उसके हैंडबैग में छिपाकर रखे गए दो पैकेट बरामद हुए। जब इन पैकेटों की जांच की गई तो उनमें से कुल 1.067 किलोग्राम हेरोइन मिली। इसके बाद अधिकारियों ने तत्काल मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप राजस्थान के प्रतापगढ़ क्षेत्र से इंदौर-उज्जैन मार्ग के जरिए पश्चिम बंगाल भेजी जा रही थी।
तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी सीबीएन
सीबीएन अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का प्रयास है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार किया जाए। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि हेरोइन का स्रोत क्या था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें: MP News: उज्जैन के चिरोला गांव में पसरा मातम, डबरी में डूबने से दो जिगरी दोस्तों की दर्दनाक मौत
सीबीएन मध्य प्रदेश के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक नशा तस्करी से जुड़े 58 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं, जबकि 77 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। विभाग का कहना है कि “ड्रग फ्री इंडिया” अभियान के तहत भविष्य में भी नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
