

Badnagar Muharram Stunt Controversy: उज्जैन के बड़नगर में मोहर्रम जुलूस के दौरान क्रेन से करीब 40 फीट ऊंचाई पर टाटा मैजिक वाहन लटकाकर किए गए स्टंट को लेकर विवाद लगातार चर्चा में है। मामले में पुलिस कार्रवाई के बाद अब बड़नगर के शहर काजी नासिरउद्दीन का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि यह घटना दो अखाड़ों के बीच वर्षों से चली आ रही पारंपरिक प्रतिद्वंद्विता का हिस्सा थी और इसका उद्देश्य किसी भी धर्म या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था।
शहर काजी ने कहा कि बड़नगर के अडान मोहल्ला और शाहजी लालपुरा अखाड़ों के बीच लंबे समय से स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की परंपरा रही है। इसी क्रम में शाहजी लालपुरा क्षेत्र के सामने यह करतब दिखाया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसे किसी धार्मिक या सांप्रदायिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि बड़नगर हमेशा से आपसी भाईचारे और सौहार्द के लिए जाना जाता रहा है। सभी लोगों को अफवाहों से बचते हुए शांति बनाए रखनी चाहिए और किसी भी तरह की भड़काऊ बातों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।
इससे पहले पुलिस ने जनसुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में मुख्य आयोजक शोएब खान, हुड़दंग करने वाले जाहिद, जाहिद खान, तस्लीम और क्रेन मालिक गोपाल माली के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया था। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर घटनास्थल पर उनका पैदल जुलूस भी निकाला। जिला प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक आयोजनों में कानून व्यवस्था और लोगों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
गौरतलब है कि मोहर्रम जुलूस के दौरान क्रेन से एक टाटा मैजिक वाहन को करीब 40 फीट ऊंचाई पर लटकाकर स्टंट किया गया था। मैजिक में पटाखे भी जलाए गए थे। साथ ही वाहन पर लिखे "ले फिर आ गए" स्लोगन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई की और संबंधित लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।