

Ujjain Moharram Procession Stunt Case: उज्जैन के बड़नगर में मोहर्रम जुलूस के दौरान क्रेन से टाटा मैजिक वाहन लटकाकर खतरनाक स्टंट करने वाले आरोपियों को पुलिस ने कड़ा सबक सिखाया है। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आयोजक शोएब खान सहित वाहन पर चढ़कर हुड़दंग करने वाले जाहिद खान और तस्लीम को नामजद आरोपी बनाया है।
इसके साथ ही क्रेन मालिक गोपाल माली के खिलाफ भी लापरवाही बरतने का मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद बड़नगर थाना पुलिस इन आरोपियों को उसी घटनास्थल (अडान मोहल्ला) पर लेकर पहुंची, जहां इन्होंने जनसुरक्षा और नियमों की धज्जियां उड़ाई थीं।
आरोपियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस ने उनका पैदल जुलूस शहर की सड़कों पर निकाला। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और पूरे घटनाक्रम को देखा। प्रशासन ने इस कदम के माध्यम से स्पष्ट संकेत दिया है कि त्योहारों या किसी भी अन्य बहाने से कानून व्यवस्था भंग करने, सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने और लोगों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जिस स्थान पर यह प्रदर्शन किया गया, वहां काफी संख्या में लोग मौजूद थे। ऐसे में क्रेन में किसी प्रकार की तकनीकी खराबी या आतिशबाजी के दौरान चूक होने पर गंभीर दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। स्थानीय नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी इस तरह के जोखिमभरे आयोजन पर चिंता व्यक्त करते हुए सार्वजनिक सुरक्षा को प्राथमिकता देने की मांग की है।
उज्जैन के बड़नगर में मोहर्रम जुलूस के दौरान किए गए खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक टाटा मैजिक वाहन को क्रेन की मदद से करीब 40 फीट ऊंचाई तक हवा में लटकाया गया है। इस दौरान वाहन के भीतर से आतिशबाजी भी की गई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।