7 साल से फरार करोड़ों की ठगी का आरोपी पत्नी सहित गिरफ्तार, EOW ने उदयपुर से दबोचा

उज्जैन में किसानों को खाद-बीज पर आकर्षक लाभ का झांसा देकर करोड़ों की धोखाधड़ी के मामले में EOW ने सात साल से फरार आरोपी प्रेमनारायण दांगी और उसकी पत्नी अंकिता को उदयपुर से गिरफ्तार किया।
2 Fraud Accused Arrested
किसानों के साथ धोखाधड़ी करने वाले पति- पत्नी गिरफ्तार (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Ujjain Crime News: किसानों को खाद, बीज और कृषि दवाइयों पर आकर्षक लाभ देने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने बड़ी कार्रवाई की है। सात साल से फरार चल रहे आरोपित प्रेमनारायण दांगी और उसकी पत्नी अंकिता को उदयपुर से गिरफ्तार किया गया है। EOW टीम दोनों आरोपितों को उदयपुर से उज्जैन लेकर आई और मंगलवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। कार्रवाई के बाद मामले में फरार अन्य आरोपितों की तलाश भी तेज कर दी गई है।

कंपनी में निवेश और आकर्षक लाभ का दिया झांसा। EOW के एसपी समर वर्मा के अनुसार वर्ष 2019 में ग्रीन लीफ फर्टिलाइजर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का संचालन उदयपुर से प्रेमनारायण दांगी, उसकी पत्नी अंकिता, ओमप्रकाश सोनी और सुधीर मिश्रा द्वारा किया जा रहा था। आरोप है कि कंपनी संचालकों ने उज्जैन समेत मंदसौर, नीमच, शाजापुर, रतलाम, आगर और देवास जिले के किसानों को कंपनी में निवेश करने के लिए आकर्षित किया। किसानों को खाद, बीज और कृषि दवाइयों पर आकर्षक लाभ के साथ मुफ्त और विशेष ऑफर देने का लालच दिया गया, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोगों से रकम जमा कराई गई।

लाखों नहीं, करोड़ों की रकम जुटाने का आरोप

उज्जैन पुलिस के मुताबिक किसानों से रकम जमा कराने के बाद अचानक कंपनी का संचालन बंद कर दिया गया और संचालक फरार हो गए। मामले में सांवेर निवासी महेश पटेल की शिकायत भी सामने आई। शिकायत के अनुसार खाद, बीज और कृषि दवाइयों पर आकर्षक ऑफर का झांसा देकर उनसे करीब 2.39 करोड़ रुपये जमा कराए गए थे। शिकायत और जांच के आधार पर EOW ने प्रकरण दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की। लंबे समय से फरार होने के कारण पुलिस लगातार उनके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही थी।

उदयपुर में मिला सुराग, दबिश देकर दोनों को पकड़ा

जांच के दौरान EOW टीम को प्रेमनारायण दांगी और उसकी पत्नी अंकिता के उदयपुर में होने की जानकारी मिली। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपितों को उज्जैन लाया गया। मंगलवार को दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए। पुलिस अब मामले में धोखाधड़ी से जुड़ी रकम, कंपनी के संचालन और अन्य लोगों की भूमिका को लेकर आगे की जांच कर रही है।

2 Fraud Accused Arrested
सागर: पैंट पहना तो अंदर से निकला सांप! मकरोनिया में युवक के उड़े होश, बिस्तर के नीचे जा छिपा नाग

दो आरोपित पहले गिरफ्तार, दो अभी फरार

EOW के अनुसार इस प्रकरण में जयचंद्र पिता महेंद्र झा निवासी धामनोद को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं ओमप्रकाश पिता शंकरलाल सोनी निवासी झालावाड़ और सुनील पिता बद्रीलाल शेरा निवासी देवास अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस इन दोनों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। EOW का कहना है कि फरार आरोपितों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। करोड़ों की धोखाधड़ी से जुड़े इस मामले में पुलिस कंपनी से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन की भी जांच कर रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com