

Rewa Police Investigate Missing Youth Case: रीवा के गढ़ थाना क्षेत्र की लालगांव चौकी अंतर्गत कोलहा गांव निवासी एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। लापता होने से पहले युवक द्वारा अपने पिता के मोबाइल पर भेजे गए वीडियो में ऑनलाइन गेम के जरिए कुछ युवकों के साथ पैसों के लेनदेन का जिक्र किए जाने से मामला और गंभीर हो गया है। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कोलहा निवासी युवांक मिश्रा अपने पिता सत्यनारायण मिश्रा के साथ लालगांव बाजार गया था। बाजार में गैस सिलेंडर लेने की बात कहकर वह पिता से अलग हो गया। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों और परिचितों ने काफी तलाश की, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला। उसका मोबाइल फोन भी लगातार बंद मिला।
बताया गया कि देर रात युवांक ने अपने पिता के मोबाइल फोन पर स्वयं का बनाया हुआ एक वीडियो भेजा। वीडियो में उसने ऑनलाइन गेम के माध्यम से कुछ युवकों के साथ पैसों के लेनदेन का जिक्र किया। वीडियो भेजने के बाद युवक ने अपना मोबाइल बंद कर लिया। इसके बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई तथा उन्हें किसी अनहोनी की आशंका सताने लगी।
युवक के पिता सत्यनारायण मिश्रा दिल्ली में रहते हैं और घटना से एक दिन पहले ही अपने गांव पहुंचे थे। बेटे के अचानक लापता होने और उसके द्वारा भेजे गए वीडियो के बाद पिता ने गढ़ थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवक की तलाश शुरू कर दी है। संभावित स्थानों पर उसकी पतासाजी की जा रही है। साथ ही युवक द्वारा भेजे गए वीडियो में बताए गए पैसों के लेनदेन और ऑनलाइन गेम से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक किन लोगों के संपर्क में था और उसके लापता होने के पीछे वास्तविक कारण क्या है।