मंत्रीजी का भाई गांजा तस्कर तो जीजा मास्टरमाइंड...सवाल पूछने पर झल्ला उठीं BJP नेता, देखें VIDEO

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी का सगे भाई अनिल बागरी को गांजा तस्करी करते गिरफ्तार किया गया है।
MP Minister Viral Video
मंत्रीजी का भाई गांजा तस्कर तो जीजा मास्टरमाइंड...सवाल पूछने पर झल्ला उठीं BJP नेता, देखें VIDEO
Published on
Updated on

MP Minister Viral Video: मध्य प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (नगरीय विकास एवं आवास) प्रतिमा बागरी के परिवार से जुड़ा एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मंत्री के सगे भाई अनिल बागरी को सतना पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके साथी के घर से 46 किलो 134 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार में कीमत 9 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। यह गिरफ्तारी तब हुई जब कुछ दिन पहले मंत्री के बहनोई को भी यूपी के सीमावर्ती बांदा में गांजा तस्करी करते पकड़ा गया था।

इस हाई-प्रोफाइल मामले में मंत्री के भाई अनिल बागरी और उसके जीजा शैलेंद्र सिंह का नाम मुख्य आरोपी के तौर पर सामने आया है। शैलेंद्र सिंह, जो पहले से ही बांदा जेल में बंद है, इस तस्करी नेटवर्क का मास्टरमाइंड माना जा रहा है।

गांजा तस्करी का खुलासा

मामले का खुलासा करते हुए, एडिशनल एसपी प्रेमलाल कुर्वे ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के मरौहा गांव में मादक पदार्थों का भंडारण किया गया है। 7-8 दिसंबर की रात पुलिस ने पंकज सिंह के घर पर दबिश दी, जहां 46 किलो गांजा बरामद हुआ। जब पंकज सिंह से पूछताछ की गई, तो उसने बताया कि यह गांजा अनिल बागरी और शैलेंद्र सिंह का था।

साले और जीजा का नेटवर्क

पुलिस ने बताया कि अनिल बागरी और शैलेंद्र सिंह मिलकर लंबे समय से गांजा तस्करी का नेटवर्क चला रहे थे। शैलेंद्र सिंह पहले ही बांदा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका था और फिलहाल जेल में है। अब, अनिल बागरी की गिरफ्तारी से इस नशा सिंडिकेट की परतें और खुल रही हैं। वहीं तस्करी के आरोप में गिरफ्तार भाई को लेकर प्रश्न पूछने पर मंत्री प्रतिमा बागरी झल्लाती दिखीं।

अदालत में पेशी और न्यायिक हिरासत

पुलिस ने अनिल बागरी और पंकज सिंह को एनडीपीएस एक्ट की विशेष अदालत में पेश किया, जहां अदालत ने उन्हें 19 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 8/20 और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

मंत्री के परिवार के आपराधिक कनेक्शन

जांच में यह भी सामने आया है कि मंत्री के बहनोई शैलेंद्र सिंह का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। इससे पहले उसे नशीली कफ सिरप की तस्करी में गिरफ्तार किया गया था, जिसमें 5 करोड़ रुपए के ट्रांजेक्शन का खुलासा हुआ था।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com