

Sidhi Kusmi Cave Skeleton Case: सीधी जिले के आदिवासी अंचल कुसमी क्षेत्र से रिश्तों के कत्ल की एक ऐसी कहानी सामने आई है जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। छत्तीसगढ़ सीमा से लगे कुन्दौर गांव में एक महिला का कंकाल जंगल की गुफा से मिलने के बाद पुलिस ने जो खुलासा किया, वह बेहद चौंकाने वाला है।
पुलिस जांच में सामने आया कि पति ने ही अपनी पत्नी की हत्या कर शव को जंगल की गुफा में छिपा दिया था। आर्थिक तंगी, पारिवारिक विवाद और दूसरे व्यक्ति के साथ संबंधों के शक ने इस हत्याकांड को जन्म दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बता दें कि जंगल की गुफा से मिले कंकाल की पहचान गुड़िया के रूप में हुई। पुलिस जांच में पता चला कि उसकी शादी चार-पांच साल पहले बुद्धसेन से हुई थी और उनकी दो वर्षीय बेटी है। मजदूरी के दौरान उत्तर प्रदेश के मेरठ में महिला की किसी अन्य व्यक्ति से दोस्ती हो गई थी, जिसे लेकर पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता था। पुलिस के अनुसार, पत्नी के बार-बार छोड़कर जाने की बात से आरोपी पति आक्रोशित रहता था।
पुलिस के अनुसार 24 मई को बुद्धसेन अपनी पत्नी को तेंदू पत्ता तोड़ने के बहाने जंगल ले गया। वहां उसने सुनियोजित तरीके से उसे ऊंची चट्टान से धक्का दिया और घायल होने पर पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। शव को कंबल में लपेटकर गुफा में छिपा दिया और सामान्य व्यवहार करता रहा। मामले का खुलासा तब हुआ जब आरोपी अपनी बेटी को धमका रहा था। यह सुनकर उसके भाई को शक हुआ। तलाश के दौरान गुफा से दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गुफा की तलाशी ली। अंदर से मानव कंकाल बरामद हुआ। पुलिस ने फॉरेंसिक जांच और साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पूछताछ में आरोपी के बयान और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों ने पूरे हत्याकांड की परतें खोल दीं। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी पति अपनी पत्नी के व्यवहार और दूसरे व्यक्ति के साथ बढ़ती नजदीकियों से नाराज था। आर्थिक तंगी और पारिवारिक तनाव ने विवाद को और गहरा कर दिया। इसी नाराजगी में उसने पत्नी की हत्या की साजिश रची और जंगल में वारदात को अंजाम दे दिया।
पुलिस ने आरोपी बुद्धसेन को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। घटना ने पूरे आदिवासी अंचल को झकझोर दिया है। गांव में मातम का माहौल है, जबकि दो साल की मासूम बच्ची अब माता-पिता दोनों के साये से लगभग वंचित हो गई है।