

Shivpuri Medical College Land Encroachment : शिवपुरी में मेडिकल कॉलेज के लिए आवंटित जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। नगर पालिका, राजस्व विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से करीब 36 से 37 दुकानों को ध्वस्त कर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई की।
प्रशासन के अनुसार, मेडिकल कॉलेज के लिए आवंटित जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से दुकानें बना रखी थीं। इनमें से कुछ दुकानों को किराए पर दिए जाने की बात भी सामने आई थी। कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने मौके पर मौजूद दुकानदारों को हटाया और जेसीबी से निर्माणों को ध्वस्त करना शुरू किया।
बताया गया है कि प्रशासन की ओर से पिछले करीब एक वर्ष से अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस और कार्रवाई की जा रही थी। इसके बावजूद कार्रवाई के बाद दोबारा दुकानें संचालित होने की बात सामने आती रही। मंगलवार को प्रशासन ने संयुक्त टीम बनाकर एक साथ कार्रवाई की।
शिवपुरी नगर पालिका, राजस्व विभाग और यातायात विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। इसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। कुछ दुकानदारों ने कार्रवाई शुरू होने से पहले ही अपनी दुकानें खाली कर दीं, जबकि कुछ लोगों ने इसका विरोध किया।
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई का विरोध किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कोतवाली पुलिस ने विरोध करने वाले कुछ लोगों को थाने ले गई। इसके बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखी।
जिस स्थान पर यह कार्रवाई की गई, उसके आगे करीब 25 करोड़ रुपए कीमत की सरकारी जमीन होने की जानकारी दी गई है। मेडिकल कॉलेज के लिए आवंटित भूमि पर अतिक्रमण हटाने के बाद अब जमीन का उपयोग प्रस्तावित योजनाओं के अनुसार किए जाने की तैयारी है।
बताया जा रहा है कि भविष्य में इस जमीन पर आश्रय स्थल बनाए जाने की योजना प्रस्तावित है। प्रशासन द्वारा जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के बाद आगे की योजना के अनुसार इसके उपयोग की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है।