शिवपुरी में बनेगी मिसाइलें, ₹2500 करोड़ की अडाणी डिफेंस यूनिट का शिलान्यास; 5 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार

Mohan Yadav Shivpuri Visit : शिवपुरी में CM मोहन यादव ने ₹2500 करोड़ की अडाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस यूनिट का शिलान्यास किया। परियोजना से 5 हजार रोजगार मिलेंगे और रक्षा क्षेत्र को मजबूती भी मिलेगी।
Shivpuri Adani Defence Unit
अडानी डिफेंस यूनिट का भूमिपूजन (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Shivpuri Adani Defence Unit : मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में देश की रक्षा क्षमता को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को ₹2,500 करोड़ की लागत से बनने वाली अडाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का शिलान्यास किया। इस परियोजना से लगभग 5,000 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, अडाणी समूह के निदेशक करण अडाणी और जीत अडाणी भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ₹211 करोड़ की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी किया तथा हितग्राहियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लाभ वितरित किए।

शिवपुरी से शुरू हो रहा रक्षा क्षेत्र का नया अध्याय

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि शिवपुरी से देश के रक्षा क्षेत्र का नया अध्याय शुरू हो रहा है। उन्होंने कहा कि यहां बनने वाली अत्याधुनिक मिसाइलें और रक्षा उपकरण भारत की सैन्य शक्ति को और मजबूत करेंगे। उन्होंने चंबल अंचल की वीर परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र सदियों से देशभक्ति और शौर्य का प्रतीक रहा है।

युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना केवल औद्योगिक निवेश नहीं बल्कि मध्यप्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार और विकास का बड़ा अवसर है। उन्होंने बताया कि प्लांट शुरू होने के बाद स्थानीय स्तर पर हजारों रोजगार सृजित होंगे और क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी।

मुख्यमंत्री ने की कई घोषणाएं

इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिवपुरी जिले के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें शिवपुरी को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए 120 करोड़ रुपये की लागत से 14 किलोमीटर फोरलेन सड़क, मेडिकल कॉलेज में कार्डियोलॉजी यूनिट, खोड़ में नया शासकीय कॉलेज, सुभाषपुरा को नई तहसील का दर्जा, पिछोर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, खनियाधाना में कृषि उपज मंडी, खतौरा में सांदीपनि विद्यालय तथा शिवपुरी में 200 बिस्तरों के मातृ एवं शिशु अस्पताल की स्थापना शामिल है।

आत्मनिर्भर भारत की नई इबारत

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि शिवपुरी में आज राष्ट्र निर्माण और आत्मनिर्भर भारत की नई इबारत लिखी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत रक्षा क्षेत्र में तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है और मध्यप्रदेश इस परिवर्तन का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है। अडाणी समूह के निदेशक जीत अडाणी ने कहा कि शिवपुरी में स्थापित होने वाला यह प्लांट अत्याधुनिक रक्षा उपकरण और 'मिशन रेडी' मिसाइलों के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि समूह का यह निवेश केवल उद्योग में नहीं बल्कि मध्यप्रदेश के भविष्य और यहां के युवाओं में निवेश है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com