श्योपुर में अनियंत्रित होकर पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, 4 महिलाओं की दर्दनाक मौत, 26 से ज्यादा घायल

Sheopur Road Accident: विजयपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 4 महिलाओं की मौत, 26 घायल। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजे का किया ऐलान।
Sheopur accident
श्योपुर में अनियंत्रित होकर पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली (Image- Social Media)
Published on
Updated on

Sheopur Accident News: मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के विजयपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गैस गोदाम के पास हाईवे पर लोगों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई, जिससे 4 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 26 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को तुरंत विजयपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल कई लोगों को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में बड़ी संख्या में लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे। सभी लोग वीरपुर थाना क्षेत्र के घूघस गांव के रहने वाले थे और विजयपुर के पार्वती बड़ौदा गांव में ‘भात’ कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।

ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया

इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना की सूचना मिलते ही विजयपुर थाना प्रभारी राजन सिंह गुर्जर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। श्योपुर एसडीएम अभिषेक मिश्रा के अनुसार जिन लोगों को सिर में गंभीर चोटें आई हैं, उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। मौके पर कई एंबुलेंस बुलाई गईं और सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दे दिया गया है। विजयपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और इस संबंध में लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया मुआवजे का ऐलान

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने श्योपुर हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि विजयपुर थाना क्षेत्र के खितरपाल गांव में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से महिलाओं की मौत बेहद दुखद है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे में घायल लोगों का इलाज जारी है। साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 4-4 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com