

Highlights:
विधायक दिनेश राय मुनमुन ने CM को लिखा पत्र।
ASP दीपक मिश्रा पर कार्रवाई की मांग।
IG ने टीआई समेत चार पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड।
होटल संचालक ने 50 हजार रुपए महीने की वसूली के आरोप लगाए।
युवक के बैग में गांजा रखने की धमकी का वीडियो वायरल।
Seoni MLA Dinesh Rai Munmun Writes Letter to CM : सिवनी में होटल संचालक से हर महीने 50 हजार रुपए की कथित वसूली और युवक को गांजा रखकर NDPS एक्ट में फंसाने की धमकी देने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में IG प्रमोद वर्मा ने TI समेत 4 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही DIG को SP और SDOP की भूमिका की भी जांच सौंप दी है।
इधर होटल के CCTV फुटेज में पुलिस अधिकारियों की बातचीत सामने आने के बाद अब विधायक दिनेश राय मुनमुन ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
विधायक दिनेश राय मुनमुन ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से मामले में हस्तक्षेप कर ASP दीपक मिश्रा के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। होटल में युवक-युवती और कर्मचारियों को कथित तौर पर धमकाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला राजनीतिक स्तर पर भी पहुंच गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जबलपुर रेंज के IG प्रमोद वर्मा ने बुधवार को टीआई सतीश तिवारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। वहीं, SP कृष्ण लालचंदानी और SDOP चंचलेश मरकाम की भूमिका की जांच छिंदवाड़ा रेंज के DIG को सौंपी गई है। IG ने बुधवार शाम तक प्राथमिक जांच रिपोर्ट मांगी है।
बाबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ के संचालक संजय सनोडिया का आरोप है कि सिवनी पुलिस अधिकारी पिछले दो महीने से उनसे हर महीने 50 हजार रुपए देने का दबाव बना रहे थे। संजय के मुताबिक, अक्टूबर में उन्होंने टीआई सतीश तिवारी को 20 हजार रुपए दिए थे। इसके बावजूद उनसे लगातार रकम की मांग की जा रही थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पैसे नहीं देने पर होटल बंद कराने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी जाती थी। इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
होटल संचालक के मुताबिक, 13 नवंबर को एक बालिग युवक और युवती होटल में ठहरे थे। सूचना मिलने पर ASP दीपक मिश्रा पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि युवक-युवती से परिजनों को बुलाने के लिए कहा गया और इनकार करने पर युवक के बैग में गांजा रखकर NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज करने की बात कही गई। होटल में लगे साउंड रिकॉर्डिंग वाले CCTV कैमरे में बातचीत रिकॉर्ड हो गई। वायरल वीडियो में ASP दीपक मिश्रा, SDOP चंचलेश मरकाम और टीआई सतीश तिवारी दिखाई दे रहे हैं।
संजय सनोडिया का दावा है कि पुलिसकर्मी पहले होटल में लगे CCTV कैमरों का DVR जब्त कर ले जाते थे। ऐसे में उन्होंने अलग से छिपा हुआ कैमरा लगवाया था। पुलिसकर्मी एक DVR ले गए, लेकिन दूसरा सुरक्षित बच गया। इसी में कथित धमकी और बातचीत रिकॉर्ड हुई। वीडियो करीब 1 मिनट 15 सेकंड का बताया गया है।
वीडियो सामने आने के बाद ASP दीपक मिश्रा ने इसे AI जनरेटेड और फर्जी बताया था। हालांकि, IG प्रमोद वर्मा ने मामले को गंभीर मानते हुए SP से रिपोर्ट मांगी है। अब विधायक के पत्र के बाद इस प्रकरण में आगे की कार्रवाई पर नजर है।