सीहोर में रेत माफियाओं के खिलाफ यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, कार्रवाई नहीं हुई तो नर्मदा घाटों पर देंगे धरना

Bherunda Assault Case : सीहोर में रेत माफियाओं के खिलाफ यूथ कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर तीन दिन का अल्टीमेटम दिया। भेरुंदा मारपीट मामले में FIR और लाड़कुई का रेत नाका हटाने की मांग की गई।
Sehore Youth Congress Sand Mafia Protest
यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन कियाफोटो सोर्स - नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Highlights :

  • सीहोर कलेक्ट्रेट में यूथ कांग्रेस का रेत माफियाओं के खिलाफ प्रदर्शन।

  • जिलाध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में सौंपा गया ज्ञापन।

  • भेरुंदा की शास्त्री कॉलोनी में दो युवकों से मारपीट का आरोप।

  • यूफोरिया माइंस एंड मिनरल्स कंपनी से जुड़े लोगों पर कार्रवाई की मांग।

Sehore Youth Congress Sand Mafia Protest : सीहोर जिले में रेत माफियाओं की कथित मनमानी और बढ़ती गुंडागर्दी के खिलाफ भारतीय युवा कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को जिलाध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और रेत माफियाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। संगठन ने प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि तय समय में मुख्य आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय नागरिकों के साथ नर्मदा घाटों पर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।

भेरुंदा मारपीट मामले में कंपनी से जुड़े लोगों पर आरोप

यूथ कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जिले में रेत कारोबार से जुड़े लोगों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि वे रिहायशी इलाकों में घुसकर आम नागरिकों और युवाओं के साथ मारपीट कर रहे हैं। जिलाध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर ने भेरुंदा नगर की शास्त्री कॉलोनी में हुई घटना का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि 'यूफोरिया माइंस एंड मिनरल्स कंपनी' से जुड़े राहुल रघुवंशी और उसके साथियों ने दो स्थानीय युवकों दीपक शर्मा और विशाल पवार के साथ मारपीट की। संगठन ने कहा कि इस मामले में केवल छोटे स्तर के लोगों पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है।

विनोद अन्ना और कंपनी के जिम्मेदारों पर FIR की मांग

सीहोर जिले में ज्ञापन सौंपते हुए देवेंद्र ठाकुर ने पुलिस की प्रारंभिक कार्रवाई का स्वागत किया, लेकिन मांग की कि पूरे मामले में कंपनी के जिम्मेदार लोगों और कथित मुख्य रेत माफिया विनोद अन्ना के खिलाफ भी तत्काल FIR दर्ज की जाए। उन्होंने कहा कि अवैध रेत कारोबार और उससे जुड़ी कथित गुंडागर्दी पर प्रभावी कार्रवाई जरूरी है। यूथ कांग्रेस ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की।

तीन दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो नर्मदा घाटों पर धरना

देवेंद्र ठाकुर ने देवास जिले के खातेगांव में शराब माफियाओं से जुड़ी घटना का हवाला देते हुए कहा कि सीहोर में भी समय रहते रेत माफियाओं पर लगाम लगाना जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर मुख्य आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो युवा कांग्रेस स्थानीय नागरिकों के साथ नर्मदा के घाटों पर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेगी।

लाड़कुई में सड़क पर बने रेत नाके को हटाने की मांग

प्रदर्शन के दौरान लाड़कुई में सड़क पर बनाए गए रेत नाके का मुद्दा भी उठाया गया। स्थानीय लोगों की नाराजगी का हवाला देते हुए यूथ कांग्रेस ने मांग की कि नाके को सड़क से हटाकर किसी दूसरे उपयुक्त स्थान पर बनाया जाए। उनका कहना है कि सड़क पर नाका होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। प्रदर्शनकारियों ने बीते दिनों एक युवक की मौत का जिक्र करते हुए नाके को जल्द हटाने की मांग की।

Sehore Youth Congress Sand Mafia Protest
बीती बातें : बेटी यशोधरा की जिद के आगे झुकी थीं राजमाता विजया राजे सिंधिया, पैरोल पर आईं तो सताई शादी की चिंता

तहसीलदार ने ज्ञापन मिलने की पुष्टि की

कलेक्ट्रेट में ज्ञापन लेने के बाद तहसीलदार अमित सिंह ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने बुधनी और नसरुल्लागंज क्षेत्र के नर्मदा घाटों पर कथित अनियमितताओं को लेकर आवेदन दिया है। उन्होंने कहा कि ज्ञापन में रेत माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई का अनुरोध किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने तीन दिन में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।