

Youth Stabbed To Death In Sehore: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम पचामा में आज दोपहर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक बैंक के पास दिनदहाड़े एक 32 वर्षीय युवक की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई।
सरेआम बाजार में हुई इस खूनी वारदात से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल व्याप्त हो गया है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की सीहोर जिले पहचान ग्राम पचामा निवासी 32 वर्षीय बबलू मालवीय के रूप में हुई है। दोपहर के समय जब बबलू पचामा स्थित बैंक के पास से गुजर रहा था, तभी घात लगाए बैठे हमलावर ने उस पर अचानक धावा बोल दिया। आरोपी ने बिना संभलने का मौका दिए बबलू पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए। अत्यधिक खून बह जाने के कारण बबलू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दिनदहाड़े हुई इस हत्या को देखकर आसपास के लोग स्तब्ध रह गए।
पुलिस जांच और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस खौफनाक वारदात के पीछे अवैध संबंधों का विवाद सामने आ रहा है। इस हत्या का आरोप ग्राम बारवाखेड़ी के रहने वाले प्रताप नामक व्यक्ति पर लगा है। बताया जा रहा है कि मृतक बबलू की पत्नी के साथ आरोपी के कथित तौर पर संबंध थे, जिसे लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से रंजिश चल रही थी। इसी विवाद और रंजिश के चलते आज दोपहर आरोपी प्रताप ने बबलू को सरेआम अपना निशाना बनाया और उसकी जान ले ली।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम दलबल के साथ तुरंत घटनास्थल पर रवाना हुई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस प्रशासन का बयान मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपी प्रताप की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।