इंदौर में कैलाश विजयवर्गीय का कांग्रेस पर हमला, बोले- पार्टी की अंदरूनी कलह अब खुलकर सामने आ गई

Indore Political News : इंदौर में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस की अंदरूनी कलह, गुजरात एटीएस की देवास कार्रवाई, सिमी नेटवर्क और 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को लेकर बड़ा बयान दिया है।
Kailash Vijayvargiya Statement
कैलाश विजयवर्गीय (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Kailash Vijayvargiya Statement : मध्य प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर में कांग्रेस, प्रतिबंधित आतंकी संगठन सिमी और पर्यावरण संरक्षण जैसे कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव राकेश यादव के इस्तीफे के बाद सामने आए राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी की अंदरूनी कलह अब खुलकर सामने आ चुकी है।

विजयवर्गीय ने कहा कि कांग्रेस के भीतर लंबे समय से मतभेद चल रहे हैं, जो अब सार्वजनिक हो रहे हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उज्जैन में कांग्रेस की हार के पीछे संगठन की अंदरूनी कमजोरी और आपसी मतभेदों की बात कही गई थी। मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के बयान ही पार्टी की मौजूदा स्थिति को स्पष्ट करते हैं।

आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति

इस दौरान उन्होंने गुजरात एटीएस द्वारा देवास में की गई कार्रवाई का समर्थन किया। कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि प्रतिबंधित संगठन स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) का मध्य प्रदेश में पहले से नेटवर्क रहा है। उनके मुताबिक खंडवा, देवास और महिदपुर जैसे क्षेत्रों में पहले भी सिमी की गतिविधियां सामने आती रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां ऐसे नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही हैं और आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम किया जा रहा है।

रेवती रेंज का किया निरीक्षण

मंत्री ने अपने दौरे के दौरान रेवती रेंज का भी निरीक्षण किया और वहां चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों के साथ क्षेत्र के संरक्षण, हरित विकास और पर्यावरण संवर्धन को लेकर विस्तार से चर्चा की। विजयवर्गीय ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है।

'एक पेड़ मां के नाम'

उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी इंदौर में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को बड़े स्तर पर संचालित किया जाएगा। इस अभियान के तहत शहर के नागरिकों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों और विभिन्न संस्थाओं को जोड़कर व्यापक पौधारोपण किया जाएगा। मंत्री ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील की।

https://youtu.be/Kcf0kOUmNY4?si=f4Fm3w6gyDEf64VT

Navbharat Live
navbharatlive.com