

जबलपुर से सामने आया फूड पॉइजनिंग का हैरान करने वाला मामला।
कोदो के आटे से बनी रोटी खाकर एक ही परिवार के सात लोग हुए बीमार।
कोदो के अनाज में कीटनाशक मिले होनी की आशंका।
अनाज की जांच में जुटी स्वास्थ्य विभाग की टीम।
Poisonous Kodo Millet Flour Case Jabalpur: मध्य प्रदेश के जबलपुर से फूड पॉइजनिंग का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, कोदो के आटे से बनी रोटियां खाने के तुरंत बाद ही एक ही परिवार के सात लोगों की तबीयत खराब हो गई।
यह पूरा मामला सिहोरा के मोहसाम गांव का है। सिंकदर खान के परिवार ने घर में कोदो के आटे से रोटियां बनाई थी। परिवार के सभी सदस्यों ने इन रोटियों को खाया जिसके एक घंटे बाद ही सभी लोगों की तबीयत बिगड़ गई।
बता दें कि जबलपुर संभाग में भोजन के बाद परिवार के लोगों को चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गए। साथ ही परिवार वालों की बॉडी में झटके आने लगे जिससे परिवार और ज्यादा चिंता में आ गया। इस घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
दरअसल, घटना में बीमार हुए लोगों में सिकंदर, जुम्नी, इकरार, रजीना रुखसार, रोजी और 11 साल की शबनम शामिल है। सभी की तबीयत बिगड़ने के बाद परिवार ने गांव के सरपंच से मदद मांगी जिसके बाद उन्हें एंबुलेंस के द्वारा सिहोरा के सिविल हॉस्पिटल में पहुंचाया गया। जहां इलाज के बाद उन्हें मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस घटना के बाद यह अनुमान लगाया जा रहा है कि कोदो के आटे में कीटनाशक मौजूद था। जिसे उपयोग से पहले साफ नहीं किया गया। इसी कारण से यह कोदो की रोटी पूरे परिवार के लिए जहर साबित हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम उस अनाज की भी जांच में जुट गई है, जिसके इस्तेमाल करने से परिवार हुआ है।