सतना में तीन महीने से लापता युवक का नाले किनारे दफन मिला शव, प्रेम प्रसंग के एंगल से जांच जारी

Satna Crime News : सतना के रामपुर बघेलान में तीन महीने से लापता 20 वर्षीय विपिन यादव का शव नाले किनारे जमीन में दफन मिला। पुलिस ने संदिग्ध को गिरफ्तार कर प्रेम प्रसंग के एंगल से जांच शुरू की है।
Satna Missing Youth Murder Case
जमीन से निकले शव के अवशेष (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Satna Missing Youth Murder Case: सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र में तीन महीने से लापता 20 वर्षीय युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने जमीन में दफन युवक का शव बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का एंगल होने की आशंका है। मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि मृतक की पत्नी से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

26 मार्च से लापता था विपिन

घटना रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र के मोहार टोला, भगदेवरा गांव की है। मृतक की पहचान 20 वर्षीय विपिन कुमार यादव, पिता संतू यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार विपिन 26 मार्च 2026 को रीवा जिले के टीकर गोविंदगढ़ स्थित अपनी ससुराल गया था। इसी दौरान गांव का रहने वाला सुनील कुशवाहा उसे अपने साथ लेकर गया, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा।

निशानदेही पर युवक का शव बरामद

परिजनों ने 28 मार्च को रामपुर बघेलान थाने में विपिन की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस का संदेह गांव के ही सुनील कुशवाहा पर गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में संदिग्ध के घर से करीब 300 मीटर दूर नाले के किनारे खुदाई कराई। खुदाई के दौरान जमीन में दफन विपिन का शव बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार शव करीब तीन महीने पुराना है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिससे मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।

प्रेम प्रसंग के एंगल से भी जांच जारी

सतना पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक की पत्नी आंचल यादव और संदिग्ध सुनील कुशवाहा के बीच प्रेम प्रसंग होने की आशंका है। इसी दिशा में पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल पुलिस ने संदिग्ध सुनील कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया है और मृतक की पत्नी से भी पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक जांच और पूछताछ के आधार पर हत्या की पूरी कहानी और वारदात की वजह का खुलासा किया जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com