धार: 'अंधभक्त मत बनो...' जंतर मंतर पर लाठी चार्ज के बाद बोलीं CHO, भाजपा ने उठाई बर्खास्तगी की मांग

CHO Controversial Statement:धार में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर किरण भाटिया का वीडियो वायरल होने पर बवाल, स्वास्थ्य केंद्र के भीतर बनाई रील में पीएम मोदी पर टिप्पणी, सीएमएचओ ने की बर्खास्तगी की सिफारिश।
BJP leaders have sought the removal of the CHO, alleging that the remarks were inappropriate and violated the conduct expected of a government employee
जंतर-मंतर हंगामे पर सीएचओ का विवादित बयान (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

CHO Controversial Whatsapp Status Dhar: मध्य प्रदेश के धार जिले के बाग विकासखंड स्थित काकड़वा गांव के उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) किरण भाटिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है।

वीडियो में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र सरकार और उनके समर्थकों को लेकर टिप्पणी करती नजर आ रही हैं। साथ ही उन्होंने जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में भी अपनी बात रखी। वीडियो सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए इसे सरकारी कर्मचारी के सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन बताया।

सरकारी स्वास्थ्य केंद्र के भीतर बनाया गया वीडियो

जानकारी के अनुसार, किरण भाटिया वर्ष 2023 से काकड़वा उप स्वास्थ्य केंद्र में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर के रूप में पदस्थ हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने यह वीडियो सरकारी उप स्वास्थ्य केंद्र के परिसर के भीतर रिकॉर्ड किया और मंगलवार रात इसे अपने सोशल मीडिया स्टेटस पर साझा किया। वीडियो वायरल होते ही मामला राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर चर्चा का विषय बन गया। भाजपा नेताओं का आरोप है कि सरकारी पद पर रहते हुए कार्यालय परिसर से राजनीतिक टिप्पणी करना सेवा नियमों के विपरीत है।

वीडियो में सरकार और समर्थकों पर की टिप्पणी

वायरल वीडियो में किरण भाटिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार के समर्थकों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुई कथित कार्रवाई और लाठीचार्ज के बावजूद कुछ लोग सरकार को सर्वश्रेष्ठ बता रहे हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री की प्रतिक्रिया क्यों सामने नहीं आई। वीडियो में उन्होंने सरकार की आलोचना करते हुए अपनी व्यक्तिगत राय व्यक्त की, जिसे लेकर राजनीतिक विवाद और गहरा गया है।

सीएमएचओ ने भेजा पत्र, बर्खास्तगी की अनुशंसा

मामले की गंभीरता को देखते हुए धार के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संचालक को पत्र भेजकर किरण भाटिया के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की है।

पत्र में उन्हें सेवा से बर्खास्त किए जाने की सिफारिश की गई है। फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों का कहना है कि नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई संबंधित सक्षम प्राधिकारी द्वारा की जाएगी।

https://youtu.be/r1dRd5eK4hY?si=qrALe-jJOBYlKzhz

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com