Highlights :
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 26 में सागर को देशभर में तीसरा स्थान मिला।
50 हजार से 3 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में हासिल की उपलब्धि।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में किया सम्मानित।
निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने प्राप्त किया पुरस्कार।
Sagar Third Rank in Swachhta Survey Awards 2025 26 : स्वच्छता के क्षेत्र में सागर ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शहर ने देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है। 50 हजार से 3 लाख तक की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में मिली इस उपलब्धि के लिए 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सागर को सम्मानित किया।
नगर निगम सागर की ओर से निगमायुक्त एवं सागर स्मार्ट सिटी के कार्यकारी निदेशक राजकुमार खत्री ने राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कार प्राप्त किया। स्वच्छ भारत मिशन के तहत आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में सागर का तीसरे स्थान पर पहुंचना शहर के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।
नगर निगम के अनुसार स्वच्छता अभियान में नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने, बुंदेली लोक संस्कृति के माध्यम से जागरूकता फैलाने, सफाई व्यवस्था में नवाचार और शहर के सौंदर्यीकरण के प्रयासों ने इस उपलब्धि में अहम भूमिका निभाई। संभागायुक्त दिलीप कुमार और कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने भी सागर की इस उपलब्धि पर शहरवासियों और नगर निगम परिवार को बधाई दी।
नई दिल्ली में आयोजित पुरस्कार समारोह का नगर निगम के नवीन कार्यालय में बड़ी LED स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। जैसे ही राष्ट्रीय मंच से सागर का नाम तीसरे पुरस्कार के लिए घोषित हुआ निगम परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। इसके बाद निगम परिसर में आतिशबाजी की गई और ढोल नगाड़ों की धुन पर जमकर जश्न मनाया गया। इस अवसर पर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, निगमाध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, एमआईसी सदस्य अनूप उर्मिल, रुपेश यादव, मेघा दुबे, धर्मेंद्र खटीक, पार्षद शैलेष केसरवानी, देवेन्द्र अहिरवार, विशाल खटीक, नरेश धानक, नीरज कोरी, पूर्व पार्षद नीरज जैन, एल्डरमैन आशालता सिलाकारी सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि सागर को मिला राष्ट्रीय सम्मान किसी एक व्यक्ति या विभाग की उपलब्धि नहीं है। ये शहर के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं व्यावसायिक संगठनों, नगर निगम के अधिकारियों कर्मचारियों और सफाई मित्रों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की जागरूकता और सफाई मित्रों की मेहनत ने सागर को देश में गौरवपूर्ण स्थान दिलाया है। उन्होंने नगरवासियों से आगे भी स्वच्छता अभियान में इसी तरह सहयोग बनाए रखने की अपील की।
महापौर संगीता सुशील तिवारी ने बताया कि पिछले वर्ष की दसवीं रैंकिंग से आगे बढ़ते हुए सागर ने इस बार देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है। उन्होंने इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए पुरस्कार सफाई मित्रों और जागरूक नागरिकों को समर्पित किया। महापौर ने कहा कि सफाई मित्रों की मेहनत, समर्पण और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से यह सफलता मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से सागर भविष्य में स्वच्छता के क्षेत्र में देश में पहला स्थान हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
निगमाध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 26 की तैयारियों के दौरान किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम राष्ट्रीय पुरस्कार के रूप में सामने आया है। उन्होंने बताया कि घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे का प्रभावी निष्पादन, बेहतर सफाई व्यवस्था, स्वच्छता मित्रों की मेहनत और नागरिकों के सहयोग ने सागर को यह उपलब्धि दिलाई है। इस सम्मान से नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और सफाई मित्रों का उत्साह बढ़ेगा। अब नगर निगम ने सागर को देश का नंबर वन स्वच्छ शहर बनाने का लक्ष्य रखा है।