सड़क पर कीचड़ और गड्ढे; सागर में छात्राओं ने बीच रास्ते धान रोपकर प्रशासन को सिखाया सबक

Sagar Road Condition Protest: सागर में प्रशासन को जगाने के लिए छात्राओं का अनोखा प्रदर्शन, शासकीय कन्या स्कूल का रास्ता कीचड़ में तब्दील होने पर छात्राओं ने सड़क के गड्ढों में बोए धान के पौधे।
Sagar students plant paddy on muddy road to protest potholes
सागर में छात्रों का अनोखा प्रदर्शन(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Students Plant Paddy On road Sagar: सागर जिले की देवरी नगर से लगे जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत कांसखेड़ा स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तक पहुंचने वाला मार्ग लंबे समय से बदहाल है। बारिश के बाद कच्ची सड़क के गड्ढों में पानी भरने से पूरा रास्ता दलदल में तब्दील हो गया है। इससे स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं और शिक्षकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

समस्या से परेशान छात्राओं ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। छात्राओं ने सड़क के गड्ढों में भरे पानी के बीच धान के पौधे रोपकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।

दो साल से समस्या, कई शिकायतों के बाद भी नहीं बनी सड़क

छात्राओं का कहना है कि विद्यालय मार्ग की बदहाली को लेकर ग्राम पंचायत और जिला प्रशासन को कई बार लिखित शिकायतें और ज्ञापन दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ। बारिश के दिनों में छात्राओं को कीचड़ और पानी से होकर स्कूल पहुंचना पड़ता है। इससे उनकी स्कूल ड्रेस खराब होने के साथ फिसलने और दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। कक्षा 10वीं की छात्रा शिखा स्वामी ने बताया कि करीब दो वर्षों से सड़क इसी हालत में है। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द सड़क निर्माण नहीं हुआ तो छात्राएं विद्यालय के सामने बैठकर आंदोलन करेंगी।

छात्राओं ने कहा- सड़क में गड्ढे नहीं, गड्ढों में सड़क नजर आ रही

प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने कहा कि मुख्य सड़क से स्कूल तक का पूरा मार्ग कच्चा है और जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं। बारिश का पानी जमा होने के कारण रास्ते से निकलना मुश्किल हो जाता है। छात्रा मसीरा खान ने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या दूर नहीं हुई, इसलिए प्रशासन को जगाने के लिए गड्ढों में धान रोपकर सांकेतिक प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) नगर मंत्री वैभव खत्री, सत्यम बोहरे, शिवा नामदेव, प्रथम ठाकुर, अंकित प्रजापति, समीर राजपूत, भूपेंद्र दुबे, राजवीर परिहार, श्रेयांश नामदेव सहित छात्राएं मौजूद रहीं।

Sagar students plant paddy on muddy road to protest potholes
जनता ने चुना है, अपमान सहेंगे नहीं...शिवपुरी में विधायक ने हाथ जोड़कर मांगी माफी, तब थमा विवाद

शिक्षक भी परेशान, एसडीएम ने जल्द सड़क सुधार का दिया भरोसा

विद्यालय शिक्षक अमन शर्मा ने बताया कि बारिश में कच्चे रास्ते के गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे छात्राओं और शिक्षकों को परेशानी होती है। स्कूल प्रबंधन की ओर से करीब दो वर्ष पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन स्थिति नहीं बदली। वहीं ग्राम पंचायत कांसखेड़ा की सरपंच मोनू पटेल से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन बंद मिला। देवरी एसडीएम मुनव्वर खान ने कहा कि प्रदर्शन की जानकारी उनके संज्ञान में आई है और जल्द ग्राम पंचायत से चर्चा कर सड़क को ठीक कराने की कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि छात्राओं के प्रदर्शन के बाद सड़क की समस्या कब तक दूर होती है।

Navbharat Live
navbharatlive.com