सागर शराबकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, आरोपी रवि लखेरा का शॉर्ट एनकाउंटर, घोषित था 20 हजार रुपए का इनाम

Sagar Police Short Encounter: सागर जहरीली शराब कांड के आरोपी रवि लखेरा को पुलिस ने बारायठा के जंगलों से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी। रवि पर 25 मामले दर्ज हैं।
Ravi Lakhera Short Encounter
सागर शराबकांड के आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटरफोटो सोर्स- नवभारत
Published on
Updated on

Sagar Poisonous Liquor Case Update : सागर जिले के बंडा जहरीली शराब कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 20 हजार रुपए के इनामी आरोपी रवि लखेरा को पुलिस ने बारायठा के जंगलों से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की और इसी दौरान मुठभेड़ हुई। पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी, जिसके बाद उसे बंडा सिविल अस्पताल ले जाया गया। यहां से उसे सागर रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

जंगल में भाग निकले 2 साथी

एडिशनल एसपी जयवीर सिंह भदौरिया के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि रवि लखेरा अपने दो साथियों के साथ बारायठा थाना क्षेत्र के हनुमान टोक इलाके में जंगल के भीतर छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी और उसके साथी भागने लगे। इसी दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई और रवि लखेरा के पैर में गोली लगी। उसके दो साथी मौके से जंगल की तरफ भाग निकले। पुलिस उनकी तलाश में भी जुटी है।

जहरीली शराब बनाने का फार्मूला देने का आरोप

सागर शराबकांड की जांच में रवि लखेरा की भूमिका को अहम माना जा रहा है। आरोप है कि उसने मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर को जहरीली शराब तैयार करने का फार्मूला बताया था। इसी वजह से शराब कांड सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। रवि लखेरा पर पहले से करीब 25 आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 20 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था।

25 केस के आरोपी ने हासिल की थीं 7 शराब दुकानें

रवि लखेरा की कहानी यहीं खत्म नहीं होती। आरोप है कि आपराधिक मामलों के बावजूद उसने छतरपुर और निवाड़ी जिलों में आबकारी विभाग से सात लाइसेंसी शराब दुकानें हासिल कर ली थीं। वैध शराब कारोबार की आड़ में उस पर मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश सीमा के पास ललितपुर की गंगापुरम कॉलोनी में अवैध और नकली शराब बनाने की फैक्ट्री संचालित करने का भी आरोप है। यहां से सस्ती नकली शराब की सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है।

Ravi Lakhera Short Encounter
आकाश विजयवर्गीय के जन्मदिन पर इंदौर में लगे ‘युवराज’ वाले पोस्टर, कांग्रेस ने BJP पर साधा निशाना

15 मौतों के बाद पुलिस का शिकंजा

बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से अब तक आधिकारिक तौर पर 15 लोगों की मौत हो चुकी है। 11 मरीजों का इलाज ICU में चल रहा है, जिनमें पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। अब मुख्य आरोपियों में शामिल रवि लखेरा की गिरफ्तारी से मामले की जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

दो फरार साथियों की तलाश जारी

रवि लखेरा के पकड़े जाने के बाद पुलिस अब उसके साथ जंगल में मौजूद दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस रवि लखेरा से पूछताछ कर जहरीली शराब के नेटवर्क, उसके निर्माण और सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com