सागर: जहरीली शराब का कहर! 14 से ज्यादा लोगों की मौत, कांग्रेस ने सरकार को जिम्मेदार बताते हुए मांगा जवाब

Bunda 14 People Dead : सागर के बंडा इलाके में जहरीली शराब की आशंका के बीच 14 से ज्यादा लोगों की संदिग्ध मौत हुई है। 25 से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती हैं और 6 से ज्यादा दुकानें सील की गई हैं।
Officials Inspect Affected Villages
मौके पर पहुंचे कलेक्टर और एसपी फोटो सोर्स- नवभारत
Published on
Updated on

Sagar Poisonous Liquor Case Update : सागर जिले के बंडा इलाके में पिछले दो दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में मौतों का सिलसिला जारी है। अब तक 14 से ज्यादा लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। इन मौतों के पीछे जहरीली या अवैध शराब को संभावित कारण बताया जा रहा है। घटना के बाद बंडा क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांवों में दहशत का माहौल है। एक के बाद एक मौतों से ग्रामीणों में भय बना हुआ है।

मिली जानकारी के मुताबिक 25 से ज्यादा लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। इनमें आधा दर्जन से अधिक मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है। शराब सेवन के बाद कई लोगों में उल्टी, दस्त, सिरदर्द, बुखार और अन्य लक्षण सामने आने की बात कही जा रही है। मौतों और बीमार लोगों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित गांवों में निगरानी बढ़ा दी है।

घर-घर पहुंचकर स्वास्थ्य विभाग कर रहा सैंपलिंग

स्वास्थ्य विभाग की टीमें अब प्रभावित गांवों में घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग और सैंपलिंग कर रही हैं। प्रशासन ने उन लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, जिन्होंने पिछले कुछ दिनों में शराब का सेवन किया है। किसी भी तरह के असामान्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराने के लिए कहा गया है।

6 से ज्यादा शराब दुकानें सील

घटना के बाद प्रशासन ने बंडा इलाके में 6 से ज्यादा शराब दुकानों को सील कर दिया है। इन दुकानों से शराब के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि प्रभावित लोगों ने शराब कहां से खरीदी थी और मौतों के पीछे जहरीली या अवैध शराब की क्या भूमिका है।

मौके पर कमिश्नर-आईजी समेत वरिष्ठ अधिकारी

सागर के बंडा ब्लॉक के ग्राम नौराज और गूगरा खुर्द में मौतों की जानकारी के बाद सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे मामले की जांच में जुटी हैं।

अवैध शराब कारोबारियों पर होगी कार्रवाई

प्रशासन ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एहतियातन शराब दुकानों को सील कर सैंपलिंग शुरू कराई गई है। पुलिस भी शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों और इसके संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

Officials Inspect Affected Villages
ग्वालियर पहुंचे जीतू पटवारी, सागर शराबकांड को लेकर सरकार पर साधा निशाना, बोले- शराब माफिया बेखौफ

कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

इधर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने सागर में जहरीली शराब की आशंका के बीच हुई मौतों को लेकर मोहन सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में एक बार फिर जहरीली शराब ने कहर ढाया है और सागर जिले के चार गांवों में आधा दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। पार्टी ने आरोप लगाया कि शराब माफियाओं का तांडव गुजरात से लेकर मध्य प्रदेश तक लोगों की जान ले रहा है। कांग्रेस ने इन मौतों के लिए सीधे तौर पर मोहन सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए मुख्यमंत्री पर शराब माफिया के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।

प्रशासन की लोगों से अपील

प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति ने शराब का सेवन किया है और उसे उल्टी, सिरदर्द, बुखार, दस्त या अन्य लक्षण महसूस हो रहे हैं तो वह इसे नजरअंदाज न करे। ऐसे लोगों को तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराने की सलाह दी गई है। फिलहाल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांवों में स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com