सागर में पारदी गैंग का खुलासा: तीन महिलाओं समेत 4 गिरफ्तार, चोरी का माल खरीदने वाले 2 कबाड़ी भाई भी धराए

Sagar Crime News : सागर के अटल पार्क क्षेत्र में दुकानों में चोरी करने वाली पारदी गैंग का पुलिस ने खुलासा किया। चार आरोपी और चोरी का सामान खरीदने वाले दो कबाड़ी भाई गिरफ्तार किए गए।
Sagar Gopalganj Police arrests Pardi gang members
पुलिस ने गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया फोटो सोर्स- नवभारत
Published on
Updated on

Sagar Pardi Gang : सागर के अटल पार्क क्षेत्र में दुकानों को निशाना बनाकर लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाली पारदी गैंग का गोपालगंज थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन महिलाएं शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने क्षेत्र की दो दुकानों में चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस ने चोरी का सामान खरीदकर खपाने के आरोप में दो कबाड़ी भाइयों को भी गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक अटल पार्क क्षेत्र में दो दुकानों में चोरी की शिकायतें मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधियां दिखाई दीं। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों से जुड़ी जानकारी जुटाकर जांच आगे बढ़ाई और आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

सीतेन्द्र के साथ तीन महिलाएं गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने सीतेन्द्र पिता देवराज पारदी, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम झिरिया पहाड़ी, थाना त्योंदा, जिला विदिशा को गिरफ्तार किया। उसके साथ गैंग में शामिल तीन महिला आरोपियों को भी पुलिस ने पकड़ा। चारों को थाने लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अटल पार्क क्षेत्र की दो दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल किया।

चोरी का सामान कबाड़ियों को बेचते थे आरोपी

पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई कि गैंग के सदस्य चोरी करने के बाद सामान को कबाड़ियों के पास बेच देते थे। इसके बाद पुलिस ने चोरी का माल खरीदने और उसे आगे खपाने वालों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम को राहतगढ़ बस स्टैंड के पास स्थित एक कबाड़ी की दुकान के बारे में जानकारी मिली, जिसके आधार पर वहां दबिश दी गई।

कबाड़ी के दो भाई भी पुलिस गिरफ्त में

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोहम्मद अलीम पठान, उम्र 20 वर्ष, निवासी कसाई मंडी, भगत सिंह वार्ड और उसके भाई मोहम्मद शोहेल पठान, उम्र 18 वर्ष को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त से जुड़े साक्ष्य मिले हैं। दोनों भाइयों से अब पुलिस पूछताछ कर रही है कि उन्होंने आरोपियों से कौन-कौन सा सामान खरीदा था।

Sagar Gopalganj Police arrests Pardi gang members
उज्जैन के कानीपुरा ढाबे पर आधी रात खूनी संघर्ष, करणी सेना से जुड़े दो गुटों के विवाद में 2 की मौत

अन्य चोरियों का भी खुलासा होने की उम्मीद

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि चोरी का सामान आगे कहां और किसे बेचा गया। वहीं गिरफ्तार पारदी गैंग के सदस्यों से शहर और आसपास के क्षेत्रों में हुई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान चोरी की और घटनाओं का खुलासा हो सकता है। मामले में सागर पुलिस आगे की कार्रवाई और बरामदगी की प्रक्रिया में जुटी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com