उज्जैन के कानीपुरा ढाबे पर आधी रात खूनी संघर्ष, करणी सेना से जुड़े दो गुटों के विवाद में 2 की मौत

Ujjain Crime News: उज्जैन के कानीपुरा रोड स्थित लक्की दरबार ढाबे पर पद को लेकर विवाद के बाद खूनी संघर्ष हो गया। 12-15 लोगों के हमले में 2 लोगों की मौत और 3 घायल हुए हैं। पुलिस आरोपियों को तलाश रही है।
Ujjain Double Murder
उज्जैन में ढाबे पर खूनी संघर्ष, दो की मौतफोटो सोर्स सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Ujjain Lucky Darbar Dhaba Murder : उज्जैन के चिमनगंज थाना क्षेत्र के कनीपुरा रोड स्थित लक्की दरबार ढाबे पर बुधवार देर रात करीब 2 बजे करणी सेना से जुड़े बताए जा रहे दो गुटों के बीच पद को लेकर विवाद के बाद खूनी संघर्ष हो गया। कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने अपने साथियों को फोन कर मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में करीब 12 से 15 लोग हथियारों के साथ ढाबे पर पहुंचे और दूसरे पक्ष के लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई। घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल बताए जा रहे हैं।

हमले में नीमनवासा निवासी राहुल दरबार उर्फ विजय प्रताप (42) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, उनके साथी उंडासा निवासी जितेंद्र पवार (35) का शव ढाबे से कुछ दूरी पर झाड़ियों में मिला। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना में घायल तीन लोगों का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमला किस तरह हुआ और वारदात में किन हथियारों का इस्तेमाल किया गया।

पद को लेकर शुरू हुआ विवाद

चरक अस्पताल में भर्ती घायल श्रवण ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि ढाबे पर शक्ति सिंह और राहुल दरबार के बीच पद को लेकर विवाद हुआ था। दोनों को करणी सेना से जुड़ा बताया जा रहा है। शुरुआती कहासुनी के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर विवाद शांत करा दिया था। आरोप है कि इसके बाद शक्ति सिंह ने सोनू नाम के व्यक्ति को फोन कर अपने साथियों को बुलाया। कुछ ही देर में कई लोग ढाबे पर पहुंचे और अचानक दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। पुलिस अब घायल के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।

हमले के बाद मची अफरा-तफरी

घटना की सूचना मिलते ही चिमनगंज थाना प्रभारी विवेक कनोडिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। साथ ही घायल के बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह पद को लेकर हुई कहासुनी सामने आई है, हालांकि वास्तविक कारण और दोनों पक्षों की भूमिका की जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

Ujjain Double Murder
कोतवाल डैम के 2 गेट खुले: आसन नदी में छोड़ा 2000 क्यूसेक पानी, मुरैना-भिंड के नदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट

हत्या के आरोपियों की तलाश तेज

दो लोगों की मौत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ढाबे पर विवाद के समय कौन-कौन लोग मौजूद थे और हमला करने पहुंचे 12 से 15 लोगों में कौन-कौन शामिल था। मृतकों और घायलों के साथ आरोपियों के संबंधों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है और पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com