Highlights :
सागर के अस्पताल के ICU वार्ड में 16 वर्षीय छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप।
वार्ड बॉय राजा बंसल पर बैड टच और नंबर मांगने का आरोप।
CCTV फुटेज में बेड के पास दिखा युवक।
Minor Girl Bad Touch By Ward Boy in Hospital ICU : सागर के एक प्राइवेट अस्पताल के ICU में भर्ती 16 साल की दसवीं में पढ़ने वाली छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छात्रा ने अस्पताल के वार्ड बॉय राजा बंसल पर गलत तरीके से छूने और फोन नंबर मांगने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत FIR दर्ज की है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है।
फुटेज में जैकेट पहने व्यक्ति छात्रा के बेड के पास झुकता और उसके बगल में खड़ा दिखाई दे रहा है। इस दौरान वे कंबल के ऊपर और नाबालिग के हाथ व शरीर के ऊपरी हिस्से के पास हाथ रखता नजर आता है। घटना सागर के बरगद हॉस्पिटल की है यहां 21 नवंबर की सुबह करीब 4:15 बजे ICU में भर्ती छात्रा बेड पर सो रही थी ।
तभी वार्ड बॉय राजा बंसल वहां आया और उसे गलत तरीके से छुआ। आरोप है कि उसने कहा कि वह उसे अच्छी लगती है और उससे बात करना चाहता है। इसके लिए उसने फोन नंबर भी मांगा।
छात्रा ने पुलिस को बताया कि उसने मोबाइल नंबर देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसे दोबारा गलत तरीके से छुआ और कुछ देर बाद वहां से चला गया। घटना के बाद डर के कारण छात्रा ने तत्काल किसी को जानकारी नहीं दी। बाद में अस्पताल पहुंची अपनी बुआ की बेटी को उसने पूरी बात बताई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में विरोध जताते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
परिजनों के मुताबिक छात्रा दो दिन पहले अपने माता पिता और भाई के साथ पचमढ़ी से सागर शहर आ रही थी। रास्ते में बरोदा के पास उनकी गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया जिसमें छात्रा को चोटें आईं। इसके बाद उसे बरगद अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने 20 नवंबर को भर्ती किया था। घटना सामने आने के बाद अस्पताल में परिजनों और अन्य लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया।
सागर के बरगद हॉस्पिटल में देर रात हुए हंगामे के बाद अस्पताल प्रबंधन का बयान सामने आया है। प्रबंधक हर्ष श्रीवास्तव ने कहा कि मरीज के साथ बैड टच के गंभीर आरोपों के मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। अस्पताल में देर रात हंगामा हुआ था जिसके बाद मामला चर्चा में आया। प्रबंधन ने दोषियों पर कार्रवाई की बात कही है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्को एक्ट सहित छेड़छाड़ की धारा में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी फरार है तलाश की जा रही है।मामले में आरोपों की जांच और वास्तविकता सामने आने का इंतजार है।