

Sagar Fake Liquor Network : सागर जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों के बीच पुलिस ने अवैध शराब के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बंडा और विनायका थाना क्षेत्रों में दर्ज दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर नकली शराब तैयार कर उसे ‘सागर गोल्ड’ के नाम से आसपास के ग्रामीण इलाकों में सप्लाई कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, बंडा थाना क्षेत्र में दर्ज अवैध शराब के मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं विनायका थाना क्षेत्र के दूसरे मामले में भी आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। जांच के दौरान पुलिस को शराब बनाने और उसकी पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के बारे में जानकारी मिली।
सागर पुलिस कार्रवाई के दौरान 164 ‘सागर गोल्ड’ कंपनी और प्लेन मदिरा के खाली क्वार्टर, करीब 27 लीटर अमानक शराब, करीब 170 क्वार्टर के ढक्कन और 150 लेबल बरामद किए गए हैं। इसके अलावा शराब मापने का यंत्र, फेवीकोल, टेप, ब्लेड, चुंगी और गत्ते के कार्टून सहित अन्य सामग्री भी जब्त की गई है।
पुलिस का दावा है कि नकली शराब को ‘सागर गोल्ड’ के नाम से तैयार करने के बाद ग्रामीण इलाकों में खपाया जाता था। जांच में बंडा क्षेत्र के नौराज, गूगरा, पाटन, छापरी और आसपास के गांवों में सेल्समैन के माध्यम से शराब सप्लाई किए जाने की जानकारी सामने आई है।
जांच के दौरान पुलिस को अवैध शराब नेटवर्क से जुड़े कुछ लोगों के अंतरराज्यीय शराब तस्करी से संपर्क होने की जानकारी भी मिली है। हालांकि, नेटवर्क का पूरा दायरा और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका अभी जांच का विषय है। पुलिस अब सप्लाई चेन और शराब की बिक्री से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, कुछ आरोपियों के खिलाफ पहले से आबकारी और शराब तस्करी से जुड़े मामले दर्ज हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अमानक शराब की सप्लाई किन-किन क्षेत्रों तक हुई और नेटवर्क में इनके अलावा और कौन लोग शामिल हैं।