राष्ट्रपति की शक्तियों पर छात्रा का जवाब- ‘देश चलाते हैं, बहुत शक्तियां हैं’, सागर कॉलेज में कॉपी देख उड़े होश

Sagar Answer Sheet Rechecking : एक्सीलेंस गर्ल्स कॉलेज में BA प्रथम वर्ष की 71 छात्राओं ने आंसरशीट देखीं। 10 छात्राओं ने मूल्यांकन पर असंतोष जताया, जबकि 2 दिनों में 16 कॉपियों की दोबारा जांच होगी।
BA first-year students inspect their answer sheets at Excellence Girls College in Sagar
कॉलेज में अपनी आंसरशीट देखती छात्राफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • 1188 छात्राओं में से 71 अपनी उत्तरपुस्तिकाएं देखने पहुंचीं।

  • 10 छात्राओं ने मंगलवार को मूल्यांकन पर असंतोष जताया; दो दिनों में कुल 16 ने आपत्ति दर्ज कराई।

  • असंतुष्ट छात्राओं की कॉपियों की विषय विशेषज्ञों की टीम दोबारा जांच करेगी।

Sagar Excellence Girls College Copy Checking : राष्ट्रपति की शक्तियों से जुड़े सवाल पर एक छात्रा का जवाब था कि राष्ट्रपति देश चलाते हैं और उनके पास बहुत शक्तियां हैं, मैं इतना ही जानती हूं। सागर के एक्सीलेंस गर्ल्स कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्राओं की उत्तरपुस्तिकाएं दिखाने के दौरान इस तरह के जवाब सामने आए। परीक्षा में अनुत्तीर्ण छात्राओं के अंकों को लेकर उठे विवाद के बाद कॉलेज प्रबंधन ने छात्राओं को अपनी कॉपियां देखने का अवसर दिया है। इस दौरान कुछ उत्तरों में विषय संबंधी जानकारी की कमी और वर्तनी की गलतियां भी सामने आईं।

कॉलेज में कुल 1188 छात्राओं में से केवल 71 छात्राएं अपनी कॉपियां देखने पहुंचीं। इनमें से 10 छात्राओं ने मूल्यांकन पर असंतुष्टि जताई, जबकि 61 छात्राओं ने अपने अंकों पर संतोष व्यक्त किया। कॉपी देखने पहुंचीं 71 छात्राओं में से केवल पांच छात्राएं ही अपने अभिभावकों के साथ आईं।

दो दिनों में 16 छात्राओं ने जताई आपत्ति

एक्सीलेंस गर्ल्स कॉलेज में दो दिनों के दौरान कुल 16 छात्राओं ने उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन पर असंतोष जताया है। इन छात्राओं की कॉपियों की अब विषय विशेषज्ञों की टीम दोबारा जांच करेगी। इसके बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मूल्यांकन में किसी तरह की त्रुटि हुई है या नहीं।

राजनीति विज्ञान सहित चार विषयों की कॉपियां देखीं

कॉलेज प्राचार्य डॉ. आनंद तिवारी के अनुसार, मंगलवार को छात्राओं ने राजनीति विज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी और शारीरिक शिक्षा विषयों की उत्तरपुस्तिकाएं देखीं। इस दौरान कुछ उत्तरों में विषय से जुड़ी पर्याप्त जानकारी नहीं मिली, जबकि कुछ कॉपियों में वर्तनी संबंधी गलतियां भी पाई गईं।

BA first-year students inspect their answer sheets at Excellence Girls College in Sagar
सागर: ऑनलाइन गेमिंग में गंवाए 8 लाख रुपए, कर्ज चुकाने के लिए चोर बन गया कोचिंग टीचर, पुलिस ने किया गिरफ्तार

विषय विशेषज्ञों ने समझाया उत्तर लिखने का तरीका

प्राचार्य के मुताबिक, कॉपियां दिखाने के दौरान विषय विशेषज्ञों ने छात्राओं को उत्तर लिखने के तरीके भी समझाए। उन्हें बताया गया कि परीक्षा में प्रश्नों के अनुरूप स्पष्ट और तथ्यपरक जवाब लिखना जरूरी है। इससे छात्राओं को अपनी गलतियां समझने और भविष्य की परीक्षाओं में बेहतर उत्तर लिखने में मदद मिल सकेगी।

दोबारा होगी उत्तरपुस्तिकाओं की जांच

कॉलेज प्रबंधन के मुताबिक मूल्यांकन से असंतुष्ट छात्राओं की उत्तरपुस्तिकाओं की विषय विशेषज्ञों की टीम दोबारा जांच करेगी। इसके बाद आपत्तियों पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com