

Highlights:
3 दिसंबर को मध्य प्रदेश के 8 हजार बैंक कर्मचारी करेंगे काम बंद हड़ताल।
प्रदेश के 11 बड़े बैंकों के करीब 8 हजार क्लर्क स्तर के कर्मचारी हड़ताल में होंगे शामिल।
IDBI बैंक के निजीकरण और विदेशीकरण के विरोध में हड़ंताल कर रहे बैंककर्मी।
Madhya Pradesh Bank Employees Strike : आईडीबीआई बैंक के निजीकरण के विरोध में बैंककर्मियों ने देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। इसका असर मध्य प्रदेश के 11 बड़े बैंकों की शाखाओं में दिखाई दे सकता है। प्रदेश में 3 दिसंबर को होने वाली इस हड़ताल में क्लर्क स्तर के करीब 8 हजार कर्मचारी इस हड़ताल में शामिल होंगे। ऐसे में बैंकिंग लेन-देन और शाखाओं से जुड़े काम प्रभावित हो सकते हैं।
ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन, ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन और बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन ऑफ इंडिया ने 3 दिसंबर को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। संगठनों का कहना है कि आईडीबीआई बैंक के निजीकरण और विदेशीकरण के फैसले को वापस लिया जाना चाहिए। बैंककर्मी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की सुरक्षा और सरकारी बैंकों की मौजूदा व्यवस्था बनाए रखने की मांग कर रहे हैं।
हड़ताल में पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन ओवरसीज बैंक, यूको बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र और पंजाब एंड सिंध बैंक के कर्मचारी शामिल होंगे। इसके अलावा एसआईबी के कर्मचारी भी हड़ताल में हिस्सा लेंगे। प्रदेश में करीब 8 हजार क्लर्क स्तर के कर्मचारियों के काम नहीं करने से बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित हो सकता है।
मध्य प्रदेश में हड़ताल को लेकर बैंक कर्मचारी संगठनों ने विरोध की तैयारियां शुरू कर दी हैं। देशभर में प्रदर्शन, काली पट्टी बांधने और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अभियान चलाने जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में भोपाल में भी बैंककर्मियों ने बुधवार को प्रदर्शन कर निजीकरण के फैसले का विरोध किया।
बैंक कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों का कहना है कि आईडीबीआई बैंक का निजीकरण केवल कर्मचारियों का मुद्दा नहीं है। इसका सीधा संबंध ग्राहकों, शेयरधारकों, सार्वजनिक क्षेत्र और देश की अर्थव्यवस्था से है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस बैंक ने पिछले वित्तीय वर्ष में 9,500 करोड़ रुपए से ज्यादा का मुनाफा कमाया, उसे बेचने की जरूरत क्यों पड़ रही है? उनका कहना है कि जनता के पैसे से खड़े किए गए सार्वजनिक संस्थान को केवल बिक्री योग्य संपत्ति नहीं माना जाना चाहिए।
बैंक कर्मचारी संगठनों ने सरकार से आईडीबीआई बैंक की बिक्री का पूरा विवरण सार्वजनिक करने और स्वतंत्र जांच व मूल्यांकन कराने की मांग की है। संगठनों का कहना है कि निजीकरण की प्रक्रिया तत्काल रद्द की जाए। मांगों पर सुनवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।