

Sagar Ankit Patel Murder : सागर के मकरोनिया थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक युवक की दिनदहाड़े पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बंडा रोड स्थित पैराडाइज होटल के सामने हुई पूरी वारदात पास के एक शोरूम में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में आरोपी युवक पर लोहे के पाइप से हमला करता दिखाई दे रहा है। पुलिस के मुताबिक, करीब 17 सेकेंड में युवक के सिर पर 14 वार किए गए।
मृतक की पहचान मानस नगर निवासी अंकित पटेल (28), पिता रामलाल पटेल के रूप में हुई है। CCTV फुटेज के अनुसार, वारदात से पहले अंकित और आरोपियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद एक आरोपी ने लोहे के पाइप से अंकित के सिर पर हमला कर दिया। जमीन पर गिरने के बाद भी उस पर हमला जारी रहा। फुटेज में आरोपी के एक साथी द्वारा उसे रोकने की कोशिश करते हुए भी दिखाई दे रहा है।
हमले में गंभीर रूप से घायल अंकित सड़क पर गिर गया। घटनास्थल पर खून भी बिखरा हुआ था। सूचना मिलने पर सागर पुलिस के मकरोनिया थाना पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल अंकित को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी दीनदयाल नगर की ओर भागते हुए दिखाई दिए।
पुलिस के अनुसार, अंकित ने वर्ष 2020 में आरोपी जय द्विवेदी की बहन से लव मैरिज की थी। शादी के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगे थे, जिसके बाद युवती अपने मायके में रहने लगी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी के अनुसार, 16 सितंबर को दोनों का तलाक हुआ था।
पुलिस के मुताबिक, तलाक के बाद युवती का परिवार उसका दूसरा रिश्ता करना चाहता था। परिवार के अनुसार अंकित इसमें बाधक बन रहा था। पुलिस का कहना है कि रविवार को अंकित को बातचीत के लिए पैराडाइज होटल के सामने बुलाया गया था। इसी दौरान विवाद हुआ और उस पर लोहे के पाइप से हमला कर दिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी के अनुसार, हत्या के मामले में जय द्विवेदी, अनीष गौतम और राजुल सेन को आरोपी बनाया गया है। वारदात के बाद तीनों फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। CCTV फुटेज को जांच में लिया गया है और फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।