सागर का ‘जिंदा’ गांव: नाम सुनते ही चौंक जाते हैं लोग, इसके पीछे छिपी है रहस्यमयी लोककथा
Sagar Mysterious Village: मध्यप्रदेश के सागर जिले का जिंदा गांव अपने अनोखे नाम और उससे जुड़ी रहस्यमयी लोककथा के कारण चर्चा में है। लोकमान्यताओं के अनुसार रहस्यमयी शक्तियों के कारण इसका ये नाम पड़ा है।
- Reported By: सरजू पटेल | Edited By: प्रीतेश जैन
जिंदा गांव (फोटो सोर्स- AI)
Jinda Village Sagar: भारत के गांव सिर्फ भौगोलिक पहचान नहीं हैं, बल्कि अपने भीतर इतिहास, परंपराएं और अनगिनत लोककथाएं भी समेटे हुए हैं। मध्यप्रदेश के सागर जिले में भी कई ऐसे गांव हैं, जिनके नाम लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचते हैं। इन्हीं में से एक है सागर शहर से करीब 6 किलोमीटर दूर स्थित ‘जिंदा’ गांव, जिसका नाम सुनते ही लोगों के मन में जिज्ञासा पैदा हो जाती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिंदा गांव का नाम एक रहस्यमयी लोककथा से जुड़ा हुआ है, जो पीढ़ियों से सुनाई जाती रही है। गांव के बुजुर्ग रघुवीर सिंह ठाकुर (85 वर्ष) बताते हैं कि उन्हें यह कहानी उनके दादा भोपाल सिंह ठाकुर ने सुनाई थी।
‘रहस्यमयी शक्तियों से परेशान थे ग्रामीण’
लोकमान्यता के मुताबिक, कई दशक पहले इस क्षेत्र में ‘जिंद’ नाम की अलौकिक शक्तियों का वास माना जाता था। कहा जाता है कि इन रहस्यमयी शक्तियों के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल था और कई परिवार गांव छोड़ने तक को मजबूर हो गए थे। जब ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ने लगीं तो गांव के लोगों ने पंडितों, विद्वानों और तांत्रिकों की सहायता ली। मान्यता है कि एक विद्वान ने दावा किया कि वह इन शक्तियों को गांव से दूर कर सकता है। इसके लिए उन्होंने पूरे गांव को कुछ समय के लिए खाली कराने की सलाह दी।
सम्बंधित ख़बरें
राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में सागर में कांग्रेस का प्रदर्शन; PM मोदी का फूंका पुतला
सागर में सुबह की सैर बनी आखिरी सफर! अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक मौत, पुल पर मिला शव
MP UCC Bill: लिव-इन में रहना अब इतना आसान नहीं! कानून तोड़ते ही होगी जेल या भारी कार्रवाई? देखें VIDEO
सागर: कलेक्टर प्रतिभा पाल पहुंचीं देवरी, जनसुनवाई में सुनीं लोगों की समस्याएं; सुरक्षा पर दिए सख्त निर्देश
टूट जाएंगे बैलगाड़ियों के खूंटे
बताया जाता है कि सभी ग्रामीण बैलगाड़ियों में बैठकर बरमान की ओर रवाना हो गए। उस दौरान लोगों ने विद्वान से पूछा कि उन्हें कैसे पता चलेगा कि ‘जिंद’ गांव छोड़कर जा चुके हैं। इस पर विद्वान ने कहा कि जिस रात यह कार्य पूरा होगा, उस समय रास्ते में बैलगाड़ियों के खूंटे अपने आप टूट जाएंगे। ग्रामीणों के अनुसार, उस रात ठीक वैसा ही हुआ जैसा विद्वान ने कहा था। बैलगाड़ियों के खूंटे टूट गए और इसके बाद गांव में शांति लौट आई। लोगों का मानना है कि उस घटना के बाद रहस्यमयी शक्तियों का प्रभाव समाप्त हो गया और ग्रामीण सामान्य जीवन जीने लगे।
‘जिंदों’ का गांव बना ‘जिंदा’
स्थानीय मान्यता के अनुसार, पहले इस क्षेत्र को ‘जिंदों का गांव’ कहा जाता था। समय के साथ यह नाम बदलते-बदलते ‘जिंदा’ हो गया। हालांकि इस कथा के ऐतिहासिक प्रमाण उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन गांव के बुजुर्ग आज भी इसे अपनी विरासत और लोकविश्वास का हिस्सा मानते हैं।
ये भी पढ़ें : दोस्ती की मिसाल: मुस्लिम युवक ने हिंदू दोस्त का रीति-रिवाज से किया अंतिम संस्कार, नम हुईं लोगों की आंखें
जिज्ञासा का केंद्र बना हुआ है गांव
आज भी सागर का जिंदा गांव अपने अनोखे नाम और उससे जुड़ी रहस्यमयी कहानी के कारण लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहता है। आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोग गांव के नाम और उससे जुड़ी लोककथा को जानने में विशेष रुचि दिखाते हैं।
