मध्य प्रदेश में मेगा इन्वेस्टमेंट: अहमदाबाद से मिला 8,635 करोड़ का निवेश, 5 हजार से ज्यादा रोजगार के अवसर

MP Gets ₹8,635 Crore Investment: अहमदाबाद में एमपी का जलवा, मेगा निवेश संवाद में मध्य प्रदेश को मिले 8,635 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव। 5,785 युवाओं को मिलेगा रोजगार।
Ahmedabad investors commit ₹8,635 crore in Madhya Pradesh
मध्य प्रदेश में मेगा इन्वेस्टमेंट(सोर्स- एआई जनरेटेड इमेज)
Updated on

Madhya Pradesh Mega Investment: गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित मेगा निवेश संवाद में मध्यप्रदेश को विभिन्न क्षेत्रों में 8,635 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इन प्रस्तावों से प्रदेश में करीब 5,785 रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। गुजरात के अहमदाबाद, सूरत, भावनगर, राजकोट और वडोदरा सहित प्रमुख औद्योगिक केंद्रों से 500 से अधिक उद्योगपतियों, निवेशकों और कॉर्पोरेट प्रतिनिधियों ने संवाद में हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवेशकों को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि प्रदेश में उद्योग लगाने और कारोबार विस्तार की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि निवेशकों को बिजली, पानी और जमीन की चिंता करने की जरूरत नहीं है। औद्योगिक भूमि रियायती दरों पर उपलब्ध है, पर्याप्त वाटर बैंक और सरप्लस बिजली है तथा प्लग एंड प्ले इंडस्ट्रियल जोन विकसित किए जा रहे हैं।

19 हजार एकड़ में 48 औद्योगिक पार्क किए जा रहे विकसित

सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा कि करीब 19 हजार एकड़ क्षेत्र में 48 नए औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं। सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से निवेशकों की समस्याओं का समाधान एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किया जा रहा है। प्रदेश में 5 लाख किलोमीटर से अधिक सड़क नेटवर्क, मजबूत रेल कनेक्टिविटी, 8 एयरपोर्ट, 6 अंतर्देशीय कंटेनर डिपो और एक्सप्रेस-वे उपलब्ध हैं।

गुजरात और मध्यप्रदेश को बताया जुड़वा भाई

मुख्यमंत्री ने गुजरात और मध्यप्रदेश के संबंधों को रेखांकित करते हुए दोनों राज्यों को औद्योगिक क्षेत्र में 'जुड़वा भाई' बताया। उन्होंने कहा कि गुजरात के पास तकनीक, व्यापार और औद्योगिक अनुभव है, जबकि मध्यप्रदेश के पास पर्याप्त जल, बड़ा लैंड बैंक और देश के मध्य में स्थित होने का लॉजिस्टिक्स लाभ है। दोनों की ताकत मिलकर औद्योगिक विकास का नया इतिहास बना सकती है। सीएम ने गुजरात के उद्योगपतियों को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027, भोपाल में शामिल होने का न्योता भी दिया। उन्होंने कहा, “आपके पास अनुभव है और हमारे पास अवसर। हमारे अवसरों को आपका अनुभव मिल जाए तो हम मिलकर इतिहास रचेंगे।”

सीमेंट, पैकेजिंग और फूड प्रोसेसिंग में बड़े प्रस्ताव

निवेश प्रस्तावों में सबसे बड़ा प्रस्ताव गोल्डक्रेस्ट सीमेंट का है, जिसने सीमेंट क्षेत्र में 3,000 करोड़ रुपए निवेश की योजना बताई है। इससे करीब 1,500 रोजगार मिलने की संभावना है। एजियोस पॉलीफिल्म्स ने पैकेजिंग क्षेत्र में 2,500 करोड़ रुपए के निवेश और 1,000 रोजगार का प्रस्ताव दिया है। गुजरात अंबुजा एक्सपोर्ट्स ने फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में 1,200 करोड़ रुपए के निवेश का प्रस्ताव रखा है, जिससे करीब 500 रोजगार सृजित होने की संभावना है। इसके अलावा एरिस लाइफसाइंसेज ने फार्मास्युटिकल्स में 500 करोड़, राघव वूवन ने टेक्सटाइल में 250 करोड़, भव्य मशीन टूल्स ने इंजीनियरिंग में 250 करोड़, जय केमिकल इंडस्ट्रीज ने 200 करोड़ और बालाजी मल्टीफ्लेक्स ने पैकेजिंग क्षेत्र में 200 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव दिए हैं।

15 से अधिक कंपनियों से वन-टू-वन चर्चा

निवेश संवाद के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रमुख उद्योग समूहों के साथ 15 से अधिक वन-टू-वन बैठकें कीं। अरविंद लिमिटेड के साथ पीएम मित्र पार्क में प्रस्तावित 1,200 करोड़ रुपए के निवेश को जल्द धरातल पर उतारने पर चर्चा हुई। टोरेंट पावर के साथ अनूपपुर में प्रस्तावित 1,600 मेगावाट ताप विद्युत परियोजना और ऊर्जा क्षेत्र की भविष्य की संभावनाओं पर बातचीत हुई। इसके अलावा पेट्रोकेमिकल, केमिकल, टेक्सटाइल, फार्मा, फूड प्रोसेसिंग, इंजीनियरिंग, एयरोस्पेस और डिफेंस क्षेत्र की कंपनियों ने मध्यप्रदेश में निवेश को लेकर रुचि दिखाई।

Ahmedabad investors commit ₹8,635 crore in Madhya Pradesh
स्वतंत्रता दिवस पर CM मोहन यादव करेंगे पदक अलंकरण, पुलिस-होमगार्ड के 47 अधिकारी-कर्मचारी होंगे सम्मानित

पिछले ढाई सालों में 34 करोड़ रुपए से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में मध्यप्रदेश को 34 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जबकि 10 लाख करोड़ रुपए से अधिक का निवेश धरातल पर उतर चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य की नई औद्योगिक नीतियों और निवेश-अनुकूल वातावरण का सकारात्मक असर दिखाई दे रहा है।

IT, पर्यटन और रिन्यूएबल एनर्जी पर भी फोकस

निवेश संवाद में आईटी, पर्यटन और नवीकरणीय ऊर्जा को भी प्रमुख निवेश क्षेत्र के रूप में प्रस्तुत किया गया। सरकार के अनुसार मध्यप्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा, पंप्ड हाइड्रो और बायोमास क्षेत्र में बड़े निवेश प्रस्ताव मिले हैं। वहीं इंदौर, भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर में आईटी क्षेत्र के विस्तार की संभावनाएं बताई गईं।

प्रदेश में स्पेस टेक पार्क और ड्रोन मैन्युफैक्चरिंग इंफ्रास्ट्रक्चर पर हो रहा काम

अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में स्पेस टेक पार्क, ड्रोन मैन्युफैक्चरिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और ड्रोन टेस्टिंग के लिए ग्रीन जोन विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। पर्यटन क्षेत्र में धार्मिक, वन्यजीव और विरासत पर्यटन को निवेश के बड़े अवसर के रूप में पेश किया गया। मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों से मध्यप्रदेश की विकास यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को हर संभव सुविधा, सुरक्षा और सहयोग उपलब्ध कराएगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com