

Rewa Shilpi Plaza Road Rage Incident: रीवा के व्यस्त शिल्पी प्लाजा क्षेत्र में मामूली कार टक्कर को लेकर हुई कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। आधा दर्जन से अधिक युवकों ने मिलकर कार सवार दो युवकों के साथ जमकर मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने बेल्टों और हाथ-पैरों से पीड़ितों को बेरहमी से पीटा तथा उनकी कार में भी तोड़फोड़ कर भारी नुकसान पहुंचाया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत शिल्पी प्लाजा के पास दो कारों के बीच हल्की टक्कर हो गई थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान एक पक्ष के कई युवक मौके पर पहुंच गए और उन्होंने कार में सवार युवकों को घेर लिया। इसके बाद सरेराह मारपीट शुरू हो गई। वायरल वीडियो में कुछ युवक पीड़ितों को बेल्टों से पीटते और उनकी कार को नुकसान पहुंचाते दिखाई दे रहे हैं। घटना के दौरान आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन हमलावरों के आक्रामक रवैये के कारण कोई बीच-बचाव नहीं कर सका। काफी देर तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
मारपीट के बाद पीड़ित पक्ष ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित का कहना है कि मामूली वाहन टक्कर के बाद आरोपियों ने न केवल उनके साथ मारपीट की, बल्कि उनकी कार के शीशे और अन्य हिस्सों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना में उन्हें चोटें भी आई हैं। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल, सरेराह हुई इस गुंडागर्दी की घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।