रीवा के संजय गांधी अस्पताल में सनसनी, चौथी मंजिल से कूदा 20 वर्षीय युवक; हालत बेहद गंभीर

Youth Jumps From Building: रीवा के संजय गांधी अस्पताल में मची अफरा-तफरी, 20 वर्षीय युवक अर्जुन चमकेल ने चौथी मंजिल से लगाई छलांग। परिजनों के मुताबिक टीबी की बीमारी से परेशान था युवक।
Rewa Sanjay Gandhi Hospital incident
संजय गांधी अस्पताल रीवा (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Rewa Sanjay Gandhi Hospital Incident: रीवा के संजय गांधी अस्पताल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने अस्पताल की चौथी मंजिल से छलांग लगाकर जान देने की कोशिश की। युवक के अचानक नीचे कूदने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों और कर्मचारियों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना।

छलांग लगाने के बाद अस्पताल कर्मचारियों ने तत्काल उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद अमहिया थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

चौथी मंजिल से अचानक लगा दी छलांग

घटना में घायल युवक की पहचान 20 वर्षीय अर्जुन चमकेल, निवासी पाण्डेय टोला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक संजय गांधी अस्पताल पहुंचा और कुछ देर बाद अस्पताल की चौथी मंजिल पर चला गया। वहां मौजूद लोगों को जब उसके इरादे का पता चला तो उन्होंने उसे रोकने और समझाने की कोशिश की। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद युवक ने चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक को छलांग लगाते देखा जा सकता है।

अस्पताल कर्मचारियों ने तुरंत कराया भर्ती

युवक के नीचे गिरते ही अस्पताल परिसर में मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल उसे संभाला और इलाज के लिए इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है। युवक को गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। युवक के आत्मघाती कदम की खबर सुनकर परिजनों में हाहाकार मच गया।

Rewa Sanjay Gandhi Hospital incident
रीवा: स्कूटी की डिग्गी में नशे का कारोबार, गलियों में घूमकर बेच रहा था कफ सिरप, 175 शीशियां जब्त

चार साल से टीबी की बीमारी से था परेशान

परिजनों के मुताबिक अर्जुन पिछले करीब चार वर्षों से टीबी की बीमारी से पीड़ित था और लगातार उसकी दवाएं चल रही थीं। उनका कहना है कि बीमारी के कारण उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं रहती थी और वह काफी परेशान रहता था। हालांकि, युवक ने अस्पताल की चौथी मंजिल से छलांग लगाने का फैसला क्यों किया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

गुटखा लेने घर से निकला था अर्जुन

अमहिया थाना प्रभारी मनोज गौतम के मुताबिक परिजनों ने बताया कि अर्जुन घर से गुटखा लेने के लिए निकला था। गुटखा खाने के बाद वह अस्पताल पहुंचा और फिर चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सामने आए वीडियो की भी जांच कर रही है। फिलहाल युवक का इलाज जारी है और पुलिस उसके इस कदम के पीछे की वास्तविक वजह पता लगाने में जुटी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com