

Highlights:
किसानों पर विवादित बयान के बाद रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने मांगी माफी।
वीडियो जारी कर कहा- मेरा इरादा किसी किसान को ठेस पहुंचाने का नहीं था।
बोले- मैं खुद किसान परिवार से हूं, उनकी समस्याएं समझता हूं।
भाषण को तोड़-मरोड़कर पेश करने का लगाया आरोप।
मऊगंज में किसानों पर की गई टिप्पणी के बाद कांग्रेस ने भी साधा था निशाना।
Rewa BJP MP Janardan Mishra Apology Video : किसानों को लेकर दिए गए विवादित बयान पर चौतरफा घिरे रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा ने माफी मांग ली है। उन्होंने एक वीडियो जारी कर अपने बयान पर सफाई दी और कहा कि उनका इरादा किसी किसान का अपमान करने या उसे मानसिक क्लेश पहुंचाने का नहीं था।
मिश्रा ने कहा कि अगर उनकी बातों से किसान भाइयों को ठेस पहुंची है तो वे इसके लिए क्षमा मांगते हैं। सांसद ने खुद को किसान परिवार से बताते हुए कहा कि वे किसानों की समस्याओं और उनकी तकलीफों से अच्छी तरह परिचित हैं और आगे भी उनके साथ खड़े रहेंगे।
सांसद जनार्दन मिश्रा ने वीडियो में बताया कि वे गौशाला में गोवर्धन पूजन कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वहां मौजूद किसानों के बीच उनकी समस्याओं और खेती में होने वाले लाभ-हानि को लेकर चर्चा हो रही थी। इसी दौरान उनके मुंह से कुछ ऐसे शब्द निकल गए, जिससे किसानों को आघात पहुंचा। उन्होंने कहा कि उनका ऐसा कोई इरादा नहीं था। यदि किसी किसान भाई को उनकी बातों से ठेस लगी है तो वे इसके लिए माफी मांगते हैं।
जनार्दन मिश्रा ने कहा कि वे खुद किसान परिवार से आते हैं और खेती-किसानी की चुनौतियों, किसानों की आवश्यकताओं और आर्थिक परेशानियों से भलीभांति परिचित हैं। किसानों को उन्नत बनाने, उनकी पारिवारिक और आर्थिक समस्याओं का समाधान करने तथा गांवों में बेहतर वातावरण तैयार करने की जरूरत को वे समझते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भाषण को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है।
सांसद ने कहा कि वे हमेशा किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर उनकी समस्याओं के लिए लड़ते रहे हैं। आगे भी जरूरत पड़ने पर किसानों के हित में संघर्ष करने के लिए तैयार रहेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए उनसे जो प्रयास बन पड़े हैं, वे करते रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।
दरअसल, मऊगंज जिले के रकरी गांव स्थित कमल गौशाला में आयोजित जिला स्तरीय गोवर्धन पूजा कार्यक्रम के दौरान सांसद ने किसानों को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि किसान साल में केवल तीन महीने मेहनत करते हैं, जबकि बाकी नौ महीने ताश खेलने, राजश्री खाने, शराब पीने और चौंगी (गांजा) पीने में समय बिताते हैं। उनका यह बयान सामने आने के बाद किसानों की मेहनत और सम्मान को लेकर सवाल उठने लगे थे।
सांसद के बयान पर कांग्रेस प्रवक्ता विनोद शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने किसानों के बारे में इस तरह की टिप्पणी को उनकी मेहनत और सम्मान का अपमान बताया था। साथ ही पलटवार करते हुए सांसद पर गांजे के सेवन को लेकर व्यक्तिगत आरोप लगाए थे। इस तरह किसानों पर की गई टिप्पणी के बाद मामला भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गया था। अब सांसद ने वीडियो जारी कर माफी मांगते हुए अपनी सफाई दी है।