

भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के किसानों पर दिए बयान से सियासत गरमाई।
मऊगंज के कार्यक्रम में सांसद ने किसानों को लेकर की थी विवादित टिप्पणी।
सांसद बोले- किसान साल में सिर्फ तीन महीने मेहनत करते हैं।
बाकी नौ महीने ताश खेलने, शराब पीने और गांजा पीने का लगाया आरोप।
Congress Spokeperson On Janardan Mishra Statement: भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के किसानों को लेकर दिए गए बयान पर अब सियासत गरमा गई है। मऊगंज में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान किसानों को लेकर की गई उनकी टिप्पणी के बाद कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस प्रवक्ता विनोद शर्मा ने सांसद पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जनार्दन मिश्रा खुद बहुत बड़े गांजा प्रेमी हैं।
विनोद शर्मा ने सांसद की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कहा कि किसानों के बारे में इस तरह की बातें करना उनकी मेहनत और सम्मान का अपमान है। उन्होंने सांसद के बयान पर सवाल उठाते हुए उन पर भी गांजे के सेवन को लेकर व्यक्तिगत आरोप लगाए।
दरअसल, सोमवार को मऊगंज जिले के रकरी गांव स्थित कमल गौशाला में आयोजित जिला स्तरीय गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा था कि किसान साल में महज तीन महीने मेहनत करते हैं, जबकि बाकी नौ महीने ताश खेलने, राजश्री खाने, शराब पीने और चोंगी (गांजा) पीने में समय बिताते हैं। उनका यह बयान सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में प्रतिक्रियाएं शुरू हो गई हैं।
कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता विनोद शर्मा के इस बयान के बाद अब किसानों के मुद्दे से शुरू हुआ विवाद व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंचता नजर आ रहा है। एक तरफ भाजपा सांसद की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस हमलावर है, तो दूसरी तरफ सांसद पर लगाए गए आरोपों ने सियासी बहस को और तेज कर दिया है।
अब सवाल यह है कि किसानों पर दिए गए बयान के बाद शुरू हुआ यह विवाद क्या यहीं थमेगा या आने वाले दिनों में भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का नया दौर देखने को मिलेगा।