राजगढ़ के ब्यावरा में बड़ा बस हादसा: तेज रफ्तार बस ब्रिज की सेफ्टी वॉल से टकराई, 4 की मौत, 12 यात्री घायल

Bhopal Bypass Bridge Accident : राजगढ़ के ब्यावरा में तेज रफ्तार बस भोपाल बायपास ब्रिज की सेफ्टी वॉल से टकरा गई। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 यात्री घायल हुए हैं।
Bus Accident In Rajgarh
राजगढ़ के ब्यावरा में बस हादसा(फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Rajgarh Bus Accident : राजगढ़ जिले के ब्यावरा में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार यात्री बस भोपाल बायपास ब्रिज की सेफ्टी वॉल से टकरा गई। हादसे में बस चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 यात्री घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के ऊपरी स्लीपर हिस्से को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा और खिड़कियां टूटने से कुछ यात्री ब्रिज के नीचे जा गिरे।

जानकारी के मुताबिक बस कानपुर से इंदौर जा रही थी। शुक्रवार सुबह करीब 8.30 बजे ब्यावरा के भोपाल बायपास ब्रिज पर पहुंचने के दौरान बस एक तीखे कर्व पर अनियंत्रित हो गई और सेफ्टी वॉल से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद कई यात्री बस से नीचे गिर गए, जबकि कुछ लोग ब्रिज पर ही जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों और पुलिस ने शुरू किया रेस्क्यू

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में मदद की। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर उपचार के लिए ब्यावरा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद अन्य अस्पतालों के लिए रेफर किया गया।

मृतकों में बस चालक और कर्नाटक के साइबर इंस्पेक्टर

हादसे में जान गंवाने वालों में बस चालक और बेंगलुरु में पदस्थ साइबर इंस्पेक्टर रवि केबी (45) भी शामिल हैं। बताया गया कि रवि केबी अपनी साइबर टीम के साथ एक आरोपी की तलाश में इंदौर जा रहे थे। हादसे में उनकी टीम के विश्वनाथ और रमेश नायक भी घायल हुए हैं। मृतकों में बिहार और उत्तर प्रदेश के रहने वाले लोगों के शामिल होने की जानकारी भी सामने आई है।

गंभीर घायलों को किया गया रेफर

सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सुरेंद्र प्रताप सिंह, सुमन शर्मा, श्रीनिवास और केशव को गंभीर हालत में रेफर किया गया। सुरेंद्र प्रताप सिंह और सुमन शर्मा को भोपाल भेजा गया है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है।

यात्रियों ने लगाया ओवरस्पीड का आरोप

हादसे में घायल जौनपुर निवासी अमित कुमार ने बताया कि बस अपने निर्धारित समय से पीछे चल रही थी और ड्राइवर तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। उनका कहना है कि ब्रिज के करीब 80 डिग्री के कर्व पर बस अचानक सेफ्टी वॉल से टकराई। वहीं कानपुर निवासी घायल रवि शर्मा ने भी दावा किया कि बस ओवर स्पीड में चल रही थी और टक्कर इतनी अचानक हुई कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

Bus Accident In Rajgarh
मातम में बदलीं रक्षाबंधन की खुशियां, सड़क हादसे में दादा और दो मासूम पोतियों समेत 4 की मौत

पुलिस की शुरुआती जांच में ओवरस्पीड की आशंका

घटना की जानकारी मिलने पर राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार और पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी सिविल अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर इलाज की जानकारी ली। राज्यमंत्री ने ब्रिज के कर्व पर संकेतक और अन्य सुरक्षा उपायों को लेकर चर्चा करने की बात कही। एसपी अमित तोलानी ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा ओवरस्पीड और ब्रिज के कर्व पर बस के अनियंत्रित होने के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com