पन्ना: रूंझ नदी में हीरे तलाशने उमड़ी भीड़, UP-बुंदेलखंड से भी पहुंचे लोग, वन विभाग ने खदेड़ा

Rujhn River Diamond : पन्ना में बारिश के बाद रूंझ नदी की चाल में हीरे तलाशने सैकड़ों लोग पहुंच गए। नदी किनारे टेंट लगाकर लोग रेत-मिट्टी छानते दिखे। वन विभाग ने भीड़ को हटाकर निगरानी बढ़ाई।
सैकड़ों लोगों को वन अमले ने खदेड़ा
रूंझ नदी में हीरों की तलाश में उमड़ी भीड़हीरों के लिए नदी में डेरा!
Published on
Updated on

Panna Diamond Search : पन्ना में बारिश के बाद एक बार फिर रूंझ नदी की चाल में हीरे तलाशने का सिलसिला शुरू हो गया। विश्रामगंज रेंज में रूंझ डैम के डूब क्षेत्र के पास सैकड़ों लोग हीरे मिलने की उम्मीद में पहुंच गए। नदी किनारे कहीं टेंट लगे दिखाई दिए तो कई लोग रेत और मिट्टी को छानते हुए नजर आए।

हीरे की तलाश में पन्ना के अलावा छतरपुर, टीकमगढ़, दमोह और आसपास के इलाकों से लोग पहुंचे। उत्तर प्रदेश के बांदा से भी लोगों के आने की जानकारी है। कई लोगों ने नदी किनारे अस्थाई डेरा बना लिया था और घंटों तक चाल की रेत और मिट्टी को बारीकी से खंगालते रहे।

सालों से बरसात में हीरे खोजने आती हैं श्याम बाई

हीरे तलाशने पहुंचीं पन्ना की श्याम बाई ने बताया कि वह कई वर्षों से बारिश के मौसम में रूंझ नदी की चाल में हीरे खोजने आती हैं। उनका कहना है कि कभी-कभी छोटे हीरे मिल जाते हैं, लेकिन इस बार अभी तक कोई बड़ा हीरा नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि बारिश के बाद दूर-दूर से लोग यहां इसी उम्मीद में पहुंचते हैं।

पार्वती ने बताया- सिर्फ पांच 'तल्ली' ही खोज पाईं

पुराने पन्ना की रहने वाली पार्वती कोदर भी हीरे की तलाश में रूंझ नदी पहुंची थीं। उनका कहना है कि इस बार वन विभाग की टीम ने उन्हें नदी क्षेत्र से हटा दिया। पार्वती के मुताबिक, वह अब तक सिर्फ पांच 'तल्ली' ही खोज पाई थीं। वन विभाग की कार्रवाई के बाद लोगों को वहां से लौटना पड़ा।

सूचना मिलते ही पहुंची वन विभाग की टीम

रूंझ नदी क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। उत्तर वन मंडल के DFO धीरेंद्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में विश्रामगंज रेंजर राहुल सिंह सिकरवार के नेतृत्व में टीम ने लोगों को समझाइश दी और पूरे क्षेत्र को खाली कराया। विभाग ने इलाके में निगरानी भी बढ़ा दी है।

वन क्षेत्र में भीड़ से सुरक्षा का खतरा

वन विभाग के मुताबिक, जंगल और नदी क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी से वन्यजीवों के साथ-साथ लोगों की सुरक्षा को भी खतरा हो सकता है। यहां जहरीले जीवों और जंगली जानवरों की मौजूदगी की संभावना रहती है। ऐसे में वन क्षेत्र में इस तरह भीड़ जुटने पर विभाग ने निगरानी बढ़ाई है।

सैकड़ों लोगों को वन अमले ने खदेड़ा
उज्जैन में धर्मस्थलों पर कार्रवाई को लेकर शहर काजी ने प्रशासन को चेताया, बोले- अपने चश्मे का नंबर बराबर रखें

पन्ना की पहचान हीरों की धरती के रूप में

पन्ना जिले को देश-दुनिया में हीरों की धरती के तौर पर जाना जाता है। बारिश के बाद नदी-नालों की चाल में हीरा मिलने की उम्मीद हर साल लोगों को यहां खींच लाती है। हालांकि, रूंझ नदी के वन क्षेत्र में इस तरह बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के बाद सुरक्षा और वन क्षेत्र में गतिविधियों को लेकर वन विभाग ने सख्ती बरती है। फिलहाल भीड़ को हटाकर क्षेत्र की निगरानी की जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com