नारियल सप्लाई के नाम पर 7.50 लाख की साइबर ठगी, पन्ना पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार
Panna Crime News : पन्ना पुलिस ने नारियल सप्लाई के नाम पर 7.50 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से 4.95 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
- Reported By: सरजू पटेल | Edited By: प्रीतेश जैन
पुलिस गिरफ्त में आरोपी (फोटो सोर्स- नवभारत)
Panna Cyber Fraud : पन्ना जिला पुलिस ने ऑनलाइन व्यापार के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नारियल सप्लाई का झांसा देकर एक व्यापारी से 7.50 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 4.95 लाख रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक मामला देवेंद्रनगर थाना क्षेत्र का है। यहां के व्यापारी भागवत प्रसाद विश्वकर्मा ने अपने मिनी मार्केट के लिए एक व्यापारिक ऐप पर 25 टन नारियल की जरूरत रजिस्टर की थी। इसी दौरान आरोपियों ने उनसे संपर्क किया और खुद को “केरल फॉर्च्यून ट्रेडर्स” का प्रतिनिधि बताया।
7.50 लाख रुपये ठगे
व्यापारी का भरोसा जीतने के लिए आरोपियों ने फर्जी जीएसटी नंबर, नकली दस्तावेज और ट्रक चालक की जानकारी तक भेज दी। सभी दस्तावेज सही प्रतीत होने पर व्यापारी ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 7 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। रकम मिलते ही आरोपियों ने अपने मोबाइल नंबर बंद कर दिए और संपर्क खत्म कर दिया।
सम्बंधित ख़बरें
निर्मला सप्रे दल-बदल मामला: HC ने उमंग सिंघार की याचिका खारिज की, कहा- विधानसभा अध्यक्ष करेंगे फैसला
रतलाम में मोहर्रम जुलूस के दौरान बड़ा हादसा: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 3 की मौत, 9 लोग गंभीर घायल
नवभारत की खबर का असर: सीवन नदी के घटिया निर्माण पर मचा बवाल, CMO बोले- ठेकेदार होगा ब्लैकलिस्ट
मध्य प्रदेश में मानसून सक्रिय, 45 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, अगले 2 दिनों में पहुंचेगा भोपाल-उज्जैन संभाग
पीड़ित ने थाने में की शिकायत
ठगी का अहसास होने पर व्यापारी ने देवेंद्रनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में साइबर सेल और पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी जांच, बैंक खातों के विश्लेषण और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के खिलाफ दर्ज है 25 शिकायतें
पन्ना पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर देश के विभिन्न राज्यों से करीब 25 शिकायतें पहले से दर्ज हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि गिरोह लंबे समय से ऑनलाइन व्यापारियों को निशाना बना रहा था। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब 4 लाख 95 हजार रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
ये भी पढ़ें : निर्मला सप्रे दल-बदल मामला: HC ने उमंग सिंघार की याचिका खारिज की, कहा- विधानसभा अध्यक्ष करेंगे फैसला
2 अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल इस मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन व्यापार या भुगतान से पहले संबंधित कंपनी, दस्तावेज और बैंक खातों की पूरी तरह जांच-पड़ताल जरूर करें, ताकि इस तरह की साइबर ठगी से बचा जा सके।
