नर्मदापुरम-पचमढ़ी मार्ग पर भीषण हादसा, बस और कार की आमने-सामने भिड़ंत, 26 घायल

Bus Car Collision : नर्मदापुरम-पिपरिया-पचमढ़ी मार्ग पर बस और डिजायर कार की भीषण भिड़ंत में 26 लोग घायल हुए। 14 घायलों को नर्मदापुरम रेफर किया गया।
Narmadapuram Car Bus Accident
कार और बस की टक्करफोटो सोर्स- नवभारत
Published on
Updated on

Narmadapuram Bus Accident : नर्मदापुरम-पिपरिया-पचमढ़ी मार्ग पर मंगलवार देर रात करीब 11 मील मोहगांव के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। पिपरिया से पचमढ़ी जा रही तेज रफ्तार बस की सामने से आ रही डिजायर कार से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

जानकारी के मुताबिक मां शारदा ट्रेवल्स पचमढ़ी की बस यात्रियों को लेकर पिपरिया से पचमढ़ी की ओर जा रही थी। पिपरिया से करीब 18 किलोमीटर दूर मोहगांव के पास सामने से आ रही डिजायर कार से बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद बस सड़क पर पलट गई, जिससे उसमें सवार यात्रियों के बीच भगदड़ जैसे हालात बन गए।

26 लोगों के घायल होने की जानकारी

दुर्घटना में बस और कार में सवार कुल करीब 26 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें डिजायर कार का चालक भी शामिल है। कार चालक को हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और अन्य मददगारों ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की।

बस में क्षमता से दोगुने यात्री होने का दावा

हादसे के बाद एक यात्री ने बस में क्षमता से अधिक यात्रियों के सवार होने का दावा किया है। यात्री के मुताबिक बस की क्षमता करीब 32 यात्रियों की थी, जबकि हादसे के समय बस में करीब 65 यात्री सवार थे। हालांकि, यात्रियों की वास्तविक संख्या और बस में क्षमता से अधिक सवारी के दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

14 घायलों को नर्मदापुरम किया रेफर

हादसे में घायल सभी लोगों को तत्काल शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद करीब 14 घायलों को बेहतर इलाज के लिए नर्मदापुरम रेफर किया गया। वहीं गंभीर रूप से घायल कार चालक का भी इलाज जारी है। हादसे के बाद अस्पताल में घायलों और उनके परिजनों की भीड़ जुट गई।

प्रशासन की टीम ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी

दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन भी सक्रिय हो गया। तहसीलदार वैभव बैरागी, नायब तहसीलदार श्यामसिंह तारे सहित राजस्व विभाग की टीम अस्पताल पहुंची। अधिकारियों ने घायलों का हाल जाना और हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई। प्रशासन की ओर से घायलों के उपचार को लेकर भी जानकारी ली गई।

Narmadapuram Car Bus Accident
ग्वालियर में जहरीले कोबरा ने सपेरे को डसा, सांप को डिब्बे में बंद कर खुद अस्पताल पहुंचा, मच गया हड़कंप

तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान सामने से आ रही डिजायर कार से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद बस पलट गई। हादसे के कारणों की पूरी तस्वीर जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस और प्रशासन हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com