मध्य प्रदेश में 20 नवंबर को 9 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट, भोपाल-इंदौर में पचमढ़ी से ज्यादा ठंड

Madhya Pradesh Rain Alert: मध्य प्रदेश में 20 नवंबर को 9 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल-इंदौर में पचमढ़ी से ज्यादा ठंड, 20 नवंबर के बाद गिरेगा तापमान।
madhya pradesh weather news
मध्य प्रदेश में ठंड के बीच बारिश का अलर्टफोटो सोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • 20 नवंबर को MP के 9 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट।

  • 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं।

  • भोपाल-इंदौर में पचमढ़ी से भी कम रहा रात का तापमान।

  • 11.4 डिग्री पारे के साथ कटनी का करौंदी रहा सबसे ठंडा।

  • 20 नवंबर के बाद प्रदेश में ठंड बढ़ने का अनुमान।

MP Weather Update : मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम का असर प्रदेश में भी दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग ने 20 नवंबर को दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश के 9 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। दूसरी तरफ प्रदेश के कई शहरों में रात का तापमान गिरने से ठंड बढ़ने लगी है।

9 जिलों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। प्रदेश के बाकी हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने और धूप निकलने का अनुमान है।

बंगाल की खाड़ी के तूफान से बदलेगा मौसम

मौसम केंद्र के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन आगे बढ़ रहा है। इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। 17 नवंबर को इसके मध्य-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर पहुंचने का अनुमान है। इसी सिस्टम का असर आगे चलकर मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में देखने को मिल सकता है। 20 नवंबर को इसका प्रभाव ज्यादा रहने की संभावना जताई गई है।

भोपाल में शाम को छाए बादल

इससे पहले सोमवार को राजधानी भोपाल में मौसम का मिजाज बदला रहा। दिन में धुंध देखने को मिली, जबकि शाम करीब 4 बजे के बाद आसमान में बादल छाने लगे। मौसम में आए इस बदलाव के बीच लोगों को सुबह और रात के समय ठंड का अहसास हो रहा है।

करौंदी में सबसे ठंडी रात

प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट का दौर जारी है। बीती रात कटनी के करौंदी में सबसे कम 11.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। अमरकंटक में 11.8, कल्याणपुर में 12.1, दमोह में 12.4 और छिंदवाड़ा में 13 डिग्री तापमान रहा। भोपाल और इंदौर में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री दर्ज हुआ।

पचमढ़ी से भी ठंडे रहे भोपाल और इंदौर

प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में रात का तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इस लिहाज से भोपाल और इंदौर में पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंड रही। नौगांव में 13.5, मलाजखंड में 13.6 और उज्जैन में 14.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के 17 शहरों में रात का पारा 15 डिग्री से नीचे रहा।

इन जिलों में मौसम रहेगा साफ

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, सागर, रीवा, नर्मदापुरम समेत प्रदेश के ज्यादातर जिलों में धूप निकलने की संभावना है। इन इलाकों में फिलहाल बारिश की संभावना कम है। हालांकि, सुबह और रात के समय ठंड का असर बना रहेगा।

पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी इलाकों में बढ़ी ठंड

कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में बर्फबारी हो रही है। वहीं, राजस्थान के कुछ हिस्सों में चक्रवाती सिस्टम के कारण हल्की बारिश दर्ज की गई है। उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाओं का असर मध्य प्रदेश में भी महसूस किया जा रहा है।

नवंबर के दूसरे पखवाड़े में बढ़ती है ठंड

मौसम विभाग के पिछले 10 साल के आंकड़ों के मुताबिक, 9 साल नवंबर के दूसरे हिस्से में प्रदेश में ठंड का असर तेज हुआ है। इस बार भी 20 नवंबर के बाद रात के तापमान में और गिरावट आने का अनुमान है। खासकर ग्वालियर-चंबल संभाग में ठंड ज्यादा परेशान कर सकती है।

ग्वालियर में 3 डिग्री तक पहुंच चुका है तापमान

नवंबर में प्रदेश के कई शहरों में कड़ाके की ठंड पड़ने का रिकॉर्ड रहा है। ग्वालियर में 57 साल पहले नवंबर के दौरान रात का तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। वहीं, उज्जैन में 53 साल पहले न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री दर्ज किया गया था।

madhya pradesh weather news
विदिशा में मासूम से दुष्कर्म के आरोपी के मकान-दुकान पर चला बुलडोजर, चक्काजाम कर सड़कों पर उतरे सैकड़ों लोग

नवंबर के आखिरी हफ्तों में फिर आ सकती है बारिश

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, नवंबर के तीसरे और चौथे सप्ताह में नए मौसमी सिस्टम बनने पर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। भोपाल, इंदौर और जबलपुर में नवंबर के दौरान बारिश होने का पुराना ट्रेंड भी रहा है। फिलहाल 20 नवंबर के मौसम पर नजर रहेगी, जिसके बाद प्रदेश में ठंड का असर और बढ़ सकता है।