

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश में नवरात्रि के पहले दिन अफरा-तफरी मच गई। स्थापना के लिए ले जाई जा रही देवी दुर्गा की मूर्ति पर पथराव किया गया। बताया जा रहा है कि यह घटना उस समय हुई जब लोग मूर्ति को एक मुस्लिम मोहल्ले से ले जा रहे थे। पथराव से मूर्ति को मामूली क्षति पहुंची है। हालांकि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
मध्य प्रदेश के विदिशा में, नवरात्रि के पहले दिन, बजरिया के खाई रोड स्थित मूर्ति पर पथराव किया गया। मुस्लिम मोहल्ले से गुजरते समय, कुछ बच्चों द्वारा मूर्ति पर पत्थर फेंकने के बाद विवाद उत्पन्न हो गया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश के माध्यम से मामले को सुलझाया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों और उनके परिवारों से पूछताछ की जा रही है।
घटना की जानकारी देते हुए विदिशा के सिटी एसपी अतुल सिंह ने बताया कि छोटे बच्चों द्वारा पथराव की घटना की सूचना मिली थी, जिससे मूर्ति को मामूली क्षति पहुंची। यह कोई गंभीर मामला नहीं है। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी आनंद राज तुरंत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
सिटी एसपी ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों ने भीड़ से शांति बनाए रखने की अपील की। बातचीत के बाद विवाद सुलझा लिया गया। घायल युवक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना को लेकर आशंका यह भी जताई जा रही है कि हो सकता है छोटे बच्चों को जानबूझकर ऐसा करने के लिए उकसाया गया हो। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तथ्य सामने आने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना को लेकर विदिशा स्थित हिंदू उत्सव समिति के जिला अध्यक्ष ने बताया कि यह घटना छोटे बच्चों द्वारा खेलते समय की गई है। जिसके बाद हमने छतों पर जाकर भी स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। यह घटना बच्चों के खेलने के दौरान हुई थी। चूंकि छोटे बच्चे मुस्लिम समुदाय के थे, इसलिए मामला बढ़ गया।