मुरैना की सबलगढ़ मंडी में भीषण आग: 12 से 14 सब्जी गोदाम जलकर खाक, लाखों रुपये के नुकसान की आशंका
Morena Fire News : मुरैना की सबलगढ़ कृषि उपज मंडी में भीषण आग लगने से 12 से 14 सब्जी गोदाम जलकर खाक हो गए। आलू, प्याज, लहसुन समेत लाखों रुपये की सब्जियां और बारदाना जलकर नष्ट हो गया है।
- Reported By: योगेश पाराशर | Edited By: प्रीतेश जैन
गोदाम में लगी आग (फोटो सोर्स- नवभारत)
Morena Sabalgarh Mandi Fire : मुरैना जिले के सबलगढ़ कृषि उपज मंडी में बुधवार तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। मंडी परिसर में बने सब्जी व्यापारियों के करीब 12 से 14 गोदाम आग की चपेट में आ गए। आग इतनी भीषण थी कि लाखों रुपये की सब्जियां और बारदाना जलकर राख हो गया। करीब दो घंटे से अधिक की मशक्कत के बाद चार दमकल वाहनों ने आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार घटना सबलगढ़ कृषि उपज मंडी की है, जहां थोक सब्जी व्यापारियों के गोदाम एक बड़े टिनशेड के नीचे बने हुए हैं। बुधवार सुबह अचानक एक गोदाम में आग लगी, जिसने कुछ ही देर में आसपास के अन्य गोदामों को अपनी चपेट में ले लिया।
चार दमकलों ने संभाला मोर्चा
आग की लपटें तेज होने के कारण मंडी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सबलगढ़ नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए कैलारस, झुंडपुरा और गेल इंडिया की फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया। चारों दमकल वाहनों ने लगातार पानी डालकर करीब दो घंटे से ज्यादा समय तक आग बुझाने का प्रयास किया, जिसके बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।
सम्बंधित ख़बरें
इंदौर में सड़क के बीच बोरिंग पर मचा बवाल, तस्वीरें वायरल होने के बाद पार्षद ने बताई असली वजह
इंदौर की उपेक्षा वाले कथित पत्र पर कैलाश विजयवर्गीय बोले- मुझे जानकारी नहीं, अखबार से पूछिए, कांग्रेस ने घेरा
दमोह में बिजली संकट: 4 दिन से परेशान ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, हटा-रजपुरा मार्ग पर चक्काजाम कर किया प्रदर्शन
छिंदवाड़ा: मोबाइल पर अश्लील कंटेंट देख 7 नाबालिगों ने मासूम से की दरिंदगी की कोशिश, भेजे गए बाल सुधार गृह
आलू, प्याज, लहसुन समेत लाखों का माल जला
आग में आलू, प्याज, लहसुन, अदरक, मिर्च सहित बड़ी मात्रा में सब्जियां जलकर नष्ट हो गईं। व्यापारियों के मुताबिक, रामदेव कुशवाह के गोदाम में रखा करीब सात लाख रुपये का माल और एक लाख रुपये का बारदाना जल गया। वहीं सुरेश कुशवाह के गोदाम में रखा करीब दो लाख रुपये का लहसुन भी आग की भेंट चढ़ गया। इसके अलावा कई अन्य व्यापारियों को भी भारी नुकसान हुआ है।
ये भी पढे़ें : कैलाश विजयवर्गीय के पत्र पर कांग्रेस का हमला, उमंग सिंघार बोले- सरकार की खुली पोल; कुणाल ने भी साधा निशाना
महीने की शुरुआत होने से गोदाम थे भरे हुए
व्यापारियों ने बताया कि मंगलवार को ही बड़ी मात्रा में सब्जियां मंडी में पहुंची थीं। बुधवार को महीने की पहली तारीख होने के कारण मंडी बंद थी, जिसके चलते गोदामों में बड़ी मात्रा में माल रखा हुआ था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी हो सकती है, हालांकि पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। सबलगढ़ थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
