मुरैना में लड़की देखने आए युवक की कार को रास्ते में रोक नकाबपोश बदमाशों ने किया हमला; चेन-अंगूठी लूटकर फरार
Anuj Rathore Karah Dham Ashram Attack: मुरैना के नूराबाद में शादी के लिए लड़की देखकर लौट रहे युवक पर 6 नकाबपोशों ने हमला कर दिया और सोने की चेन व अंगूठी लूटकर फरार हो गए।
- Written By: सजल रघुवंशी
मुरैना में शादी के लिए लड़की देखने आए युवक के साथ मारपीट (सोर्स- सोशल मीडिया)
Morena Nurabad Road Robbery: मुरैना जिले के नूराबाद थाना क्षेत्र में शादी के लिए लड़की देखने आए एक युवक पर आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाशों ने युवक की जमकर पिटाई करने के बाद उसके गले से सोने की चेन और उंगली से अंगूठी लूट ली। घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार जौरा स्थित मनीष पेट्रोल पंप के पास रहने वाले अनुज राठौर पुत्र कमल किशोर राठौर की शादी की बात बनमोर निवासी दुर्गेश राठौर की बेटी प्रीति राठौर से चल रही थी। दोनों परिवारों ने पहले लड़का-लड़की को एक-दूसरे से मिलवाने और पसंद-नापसंद जानने का फैसला किया था।
परिवारों की मुलाकात के बाद पक्की हुई सगाई
इसी सिलसिले में दोनों परिवार करह धाम आश्रम पहुंचे। यहां मुलाकात के दौरान लड़का और लड़की ने एक-दूसरे को पसंद किया, जिसके बाद दोनों परिवारों ने रिश्ता तय कर दिया। सगाई की सहमति बनने के बाद परिवारों में खुशी का माहौल था। रिश्ता पक्का होने के बाद अनुज राठौर मिठाई लेने के लिए टेकरी की ओर रवाना हुआ। वह कार क्रमांक एमपी 06 जेडए 0417 से जा रहा था। कार को मुरैना जिला के निवासी अरुण गौर चला रहा था, जिसे किराए पर लिया गया था।
सम्बंधित ख़बरें
MP News: 5200 पेसा मोबिलाइजरों की सेवा समाप्ति पर बवाल; हजारों परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट
MP Bus Service: सार्वजनिक परिवहन की बदलेगी सूरत, मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा इंदौर संभाग से प्रारंभ होगी
MP में जल गंगा संवर्धन अभियान शुरू; केन-बेतवा और चंबल नदी जोड़ो परियोजनाओं से राज्य को मिलेगा बड़ा लाभ
पहले की बात फिर जिता विश्वास और लूटे 8 लाख; बेंगलुरू की ‘सोनिया’ के जाल में फंसा ग्वालियर का किराना कारोबारी
सुनसान रास्ते में घेरकर किया हमला
अनुज के मुताबिक रास्ते में सुनसान स्थान पर स्कूटी और बाइक पर सवार छह नकाबपोश बदमाशों ने उनकी कार के सामने वाहन खड़े कर रास्ता रोक लिया। जैसे ही ड्राइवर ने कार रोकी, बदमाशों ने लाठी-डंडों से हमला शुरू कर दिया। हमलावरों ने कार के शीशे तोड़ दिए और अनुज को बाहर खींचकर बेरहमी से पीटा। उसे बचाने पहुंचे ड्राइवर अरुण गौर के साथ भी मारपीट की गई। इस हमले में अनुज के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि शरीर पर चोटों के कई निशान हैं। पीड़ित का आरोप है कि बदमाश उसकी सोने की चेन और अंगूठी भी लूटकर ले गए।
यह भी पढ़ें: MP News: 5200 पेसा मोबिलाइजरों की सेवा समाप्ति पर बवाल; हजारों परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट
पुलिस जांच में जुटी, अस्पताल में चल रहा उपचार
घटना के बाद अनुज राठौर ने नूराबाद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया था और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे थे। घायल अनुज का कहना है कि हमलावरों की गाड़ियां करह आश्रम पर भी दिखाई दी थीं। आश्रम से निकलने के बाद वे लगातार उसका पीछा कर रहे थे, जिससे हमला पूर्व नियोजित होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल एमपी पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है, जबकि जिला अस्पताल में घायल का उपचार जारी है।
