कैलारस में भाजपा नेता अशोक राणावत ने गोली मारकर की खुदकुशी, खौफनाक कदम उठाने से पहले मांगी थी माफी

Morena Crime News: मुरैना के कैलारस में नगर परिषद उपाध्यक्ष सीमा राणावत के पति और भाजपा नेता अशोक राणावत ने कथित तौर पर फार्म हाउस पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस जांच में जुट गई है।
Morena BJP Leader Suicide
बीजेपी नेता ने की खुदकुशी (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Morena BJP Leader Suicide: मुरैना जिले के कैलारस में नगर परिषद की उपाध्यक्ष सीमा राणावत के पति और भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अशोक राणावत की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है। घटना से पहले अशोक राणावत ने नगर परिषद के व्हाट्सएप ग्रुप और अपने कुछ परिचितों को भावुक संदेश भेजकर सबसे क्षमा मांगी और परिवार का ख्याल रखने की अपील की थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, कैलारस नगर परिषद की उपाध्यक्ष सीमा राणावत के पति अशोक राणावत शनिवार रात अपने फार्म हाउस पर पहुंचे थे। देर रात उन्होंने कथित तौर पर अपने सिर में गोली मार ली। कुछ समय बाद खेत पर मौजूद बटाईदार जब वापस लौटा तो उसने अशोक राणावत को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई और उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

शुरुआती जांच में आत्महत्या का मामला

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती दौर में हत्या की आशंका भी जताई गई थी, लेकिन फार्म हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच में घटना के समय किसी अन्य व्यक्ति के आने-जाने के साक्ष्य नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला माना है। मौके से एक अवैध बंदूक भी बरामद हुई है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। हथियार कहां से आया और उसका उपयोग कैसे हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।

मैसेज भेज मांगी थी माफी

जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से कुछ घंटे पहले अशोक राणावत ने नगर परिषद के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप में एक भावुक संदेश साझा किया था। संदेश में उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और पार्षदों से किसी भी प्रकार की भूल के लिए क्षमा मांगी थी। वहीं एक परिचित को भेजे गए संदेश में उन्होंने अपने बेटों का ख्याल रखने की बात लिखी थी। इन संदेशों के सामने आने के बाद पुलिस इन्हें भी जांच का हिस्सा बनाकर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

खुदकुशी के कारणों का खुलासा नहीं

फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि मर्ग कायम कर सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। परिजनों और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट स्थिति सामने आ सकेगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com